जाम के साथ कैब का बढ़ा हुआ किराया भी लोगों की परेशानी का कारण बना। नोएडा जाने वाली रश्मि ने बताया कि आमतौर पर उनकी यात्रा का किराया 450 रुपए रहता है, लेकिन उन्हें 700 रुपए देने पड़े। एक कैब चालक ने बढ़े हुए किराये की वजह दिवाली की भीड़ और दिल्ली में बीएस-6 मानक से कम वाले वाहनों के प्रवेश पर लगी पाबंदियों को बताया। एक अन्य यात्री ने कहा कि रोजाना आने-जाने में ही उन्हें करीब 1,000 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, नोएडा सेक्टर-15 से गाजियाबाद के शालीमार गार्डन तक करीब 25 किलोमीटर की यात्रा के लिए एक यात्री को 1,600 से 2,500 रुपए तक का किराया बताया गया। एक अन्य यात्री ने बताया कि नोएडा से गुरुग्राम पहुंचने के लिए कैब चालक को फरीदाबाद होकर लंबा रास्ता लेना पड़ा। धुंध, जाम और बढ़े हुए किराये के चलते कैब से सफर करना निजी वाहन के मुकाबले लगभग दोगुना महंगा पड़ रहा है।