नई दिल्ली

दिल्ली के मोती नगर में घर में लगी भीषण आग, LPG सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत

Moti Nagar LPG cylinder blast: दिल्ली के मोती नगर में शनिवार तड़के एक मकान में आग लगने के बाद LPG सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
2 min read
Delhi Moti Nagar fire
दिल्ली के मोती नगर में घर में लगी भीषण आग, फोटो सोर्स-एक्स (@nationalDivyang)

Delhi Moti Nagar fire: पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में शनिवार तड़के एक मकान में आग लगने के बाद LPG सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

तड़के 3:25 बजे के करीब मिली आग की सूचना

दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, मकान में आग लगने की सूचना तड़के करीब 3:25 से 3:27 बजे के बीच मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीमों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। आग की स्थिति को देखते हुए मौके पर एक वाटर टेंडर, एक ब्रीथिंग फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। इसी दौरान घर में रखा LPG सिलेंडर आग की चपेट में आ गया, जिसके बाद उसमें तेज धमाका हो गया।

LPG सिलेंडर फटने के बाद मिला शव

अधिकारियों के अनुसार, सिलेंडर में विस्फोट के बाद दमकल कर्मियों को घटनास्थल पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। करीब 4:30 बजे दमकल विभाग ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

आग पर काबू पाने के बाद मकान की तलाशी

दमकल की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। इसके बाद मकान के अंदर और आसपास के हिस्सों की भी जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है। साथ ही दमकल कर्मियों ने उन स्थानों की भी जांच की, जहां से दोबारा आग भड़कने की आशंका हो सकती थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। हादसे में LPG सिलेंडर किस स्थिति में आग की चपेट में आया और विस्फोट की वजह क्या रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

आग कैसे लगी, इसकी जांच जारी

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि ग्राउंड फ्लोर पर आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके बाद LPG सिलेंडर किस वजह से ब्लास्ट हुआ।

Updated on:
19 Sept 2026 09:34 am
Published on:
19 Sept 2026 09:20 am