नई दिल्ली

Trade Fair में दिल्ली पुलिस ने क्यों लगाए 1933 नंबर वाले बोर्ड? लाखों लोगों तक पहुंचाना चाहती है यह संदेश

Drug Awareness Campaign: दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया है। मेले में 1933 हेल्पलाइन नंबर के बोर्ड लगाए गए हैं। जानिए क्या है इस नंबर का महत्व।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 2:52 PM IST
Delhi Police
ट्रेड फेयर के दौरान दिल्ली पुलिस ने 1933 हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। (फोटो सोर्स-IANS)

India International Trade Fair: नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) में इस बार दिल्ली पुलिस एक खास अभियान के जरिए लोगों को जागरूक कर रही है। मेले में जगह-जगह 1933 हेल्पलाइन नंबर वाले बोर्ड लगाए गए हैं। इनका मकसद लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करना और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी की जानकारी देने के लिए प्रेरित करना है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने इसके लिए मेले में एक विशेष स्टॉल भी लगाया है। यहां आने वाले लोगों को नशे के नुकसान और उससे जुड़ी शिकायतों के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन की जानकारी दी जा रही है। पुलिसकर्मी भीड़ के बीच पहुंचकर लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके अलावा शाम के समय नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों तक यह बात आसान तरीके से पहुंचाई जा सके।

भीड़ के बीच पहुंचकर जागरूक कर रही पुलिस

नई दिल्ली के एडिशनल डीसीपी मंजीत श्योराण ने बताया कि ट्रेड फेयर में हर साल लाखों लोग पहुंचते हैं। ऐसे बड़े आयोजन में लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ उन्हें जरूरी जानकारियां देना भी अहम है। इसी वजह से इस बार मेले को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन स्थल पर 1933 नंबर के बोर्ड लगाए गए हैं। पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर लोगों से बातचीत कर उन्हें इस नंबर का महत्व समझा रही हैं। शाम को होने वाले नुक्कड़ नाटकों के जरिए भी नशे से होने वाले नुकसान और इससे बचने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

क्या है 1933 हेल्पलाइन नंबर?

1933 मानस (MANAS) हेल्पलाइन नंबर है। इस पर नशे से जुड़ी समस्याओं के बारे में मदद ली जा सकती है। साथ ही मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी से जुड़ी जानकारी भी दी जा सकती है। इस हेल्पलाइन के जरिए लोग नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं।

दिल्ली पुलिस का मानना है कि ट्रेड फेयर जैसे बड़े आयोजन के जरिए इस नंबर की जानकारी एक साथ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। यही वजह है कि इस बार मेले में खरीदारी और मनोरंजन के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

Updated on:
21 Nov 2026, 2:52 PM IST
Published on: