
Delhi Police Constable Suicide: पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने आत्महत्या कर ली है। मंगलवार शाम को उसका शव ईस्ट दिल्ली के मयूर विहार के पास एक पार्क में मिला। मनीष ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। उसने सोमवार तड़के कल्याणपुरी इलाके में अपनी पत्नी प्रियंका की छाती में गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रियंका का उस दिन जन्मदिन था। जन्मदिन की बधाई न देने पर दोनों के बीच सड़क पर तीखी बहस हुई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मनीष भाटी ने अपनी सरकारी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। मंगलवार शाम मयूर विहार इलाके के एक पार्क में उसका शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच जन्मदिन की बधाई को लेकर विवाद हुआ था। प्रियंका इस बात से नाराज थी कि मनीष ने उसे जन्मदिन की शुभकामनाएं नहीं दी थीं। सोमवार तड़के दोनों न्यू विनोद नगर स्थित घर से बाइक पर निकले थे। रास्ते में दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई। लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के पास विवाद इतना बढ़ गया कि मनीष ने कथित तौर पर बाइक रोकी और प्रियंका को गोली मार दी।
घटना के बाद घायल प्रियंका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें दोनों सड़क किनारे बहस करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पत्नी की हत्या के बाद मनीष मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं। हालांकि, मंगलवार शाम उसका शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। अब दिल्ली पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों घटनाओं की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले और बाद में मनीष किन लोगों के संपर्क में था।