नई दिल्ली

Delhi Police: दिल्ली में सुरक्षा का नया इंतजाम, बॉर्डर से कॉलेज तक पुलिस की खास तैयारी; जानिए कहां खुले पिंक बूथ

Delhi Police Pink Booth: दिल्ली पुलिस ने चिल्ला बॉर्डर और न्यू अशोक नगर में दो नए पुलिस बूथ शुरू किए हैं। कॉलेज के पास बने पिंक बूथ पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 2:57 PM IST
Chilla Border Police Booth
दिल्ली में शुरू किए गए नए पुलिस बूथ और पिंक बूथ। (फाइल फोटो-IANS)

Women Safety in Delhi: दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने दो नई जगहों पर बूथ शुरू किए हैं। इनमें एक बूथ दिल्ली-नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर बनाया गया है, जबकि दूसरा पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज के पास खोला गया है। खास बात यह है कि कॉलेज के पास बने बूथ को पिंक बूथ का नाम दिया गया है, जहां महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। दोनों बूथ का उद्घाटन स्पेशल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर), जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया।

चिल्ला बॉर्डर पर CCTV से होगी निगरानी

दिल्ली और नोएडा के बीच चिल्ला बॉर्डर पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। इस आवाजाही को देखते हुए यहां पुलिस बूथ बनाया गया है। बूथ में चार CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।

इस बूथ में पुलिसकर्मियों के बैठने और कामकाज की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पुलिस अधिकारी यहां बैठक भी कर सकेंगे। इसे ऐसी जगह बनाया गया है, जहां आम लोग जरूरत पड़ने पर आसानी से पुलिस तक पहुंच सकें।

कॉलेज के पास बने पिंक बूथ पर रहेंगी महिला पुलिसकर्मी

दूसरा बूथ न्यू अशोक नगर में शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज के पास शुरू किया गया है। यहां सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इससे कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं और आसपास रहने वाली महिलाओं को मदद लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वे अपनी परेशानी सीधे यहां तैनात पुलिसकर्मियों को बता सकेंगी।

स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में पहले से 125 पिंक पुलिस बूथ चल रहे हैं। कॉलेज के पास शुरू किया गया बूथ भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है। इसका मकसद महिलाओं और छात्राओं को पुलिस से संपर्क करने के लिए आसान और सुरक्षित जगह उपलब्ध कराना है।

कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

दोनों बूथ के उद्घाटन के मौके पर जॉइंट सीपी ईस्टर्न रेंज मिलिंद महादेव डुंबरे, पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार, शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल भी मौजूद रहे।

इन दो बूथ के शुरू होने से एक ओर चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस की निगरानी और कामकाज को सहूलियत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कॉलेज के आसपास छात्राओं और महिलाओं को जरूरत के समय पुलिस से सीधे मदद लेने का मौका मिलेगा।

Updated on:
23 Nov 2026, 2:57 PM IST
Published on: