
Delhi Air Pollution News: दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद दिल्ली की हवा और जहरीली हो गई है। सोमवार सुबह कई इलाकों में धुंध छाई रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया। इस बीच अब प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर भी राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर AQI के आंकड़ों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को प्रदूषण की सही तस्वीर नहीं दिखा रही है।
सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली में प्रदूषण मापने वाले कई केंद्र बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा 20 नए निगरानी केंद्र ऐसे इलाकों में लगाए गए हैं, जहां काफी हरियाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन जगहों पर प्रदूषण ज्यादा है, वहां निगरानी केंद्रों के आसपास पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि AQI का आंकड़ा कम दिखे।
भारद्वाज ने कहा कि लोग सरकार के प्रदूषण संबंधी आंकड़ों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि अगर आतिशबाजी को बढ़ावा दिया जा रहा है तो उसके बाद बढ़ने वाले प्रदूषण की जिम्मेदारी भी सरकार को लेनी चाहिए। उनका कहना है कि जनता के सामने हवा की सही स्थिति रखी जानी चाहिए।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में AQI गंभीर स्तर पर पहुंच गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में सबसे ज्यादा 441 दर्ज किया गया। वहीं विवेक विहार में 437, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में 434 और दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस व जहांगीरपुरी में 433 AQI रहा।
इसके अलावा रोहिणी में 430, मुंडका में 417, पंजाबी बाग में 409 और ITO व नरेला में 407 AQI दर्ज किया गया। इन सभी जगहों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही।
सौरभ भारद्वाज ने खराब हवा के सेहत पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हवा में मौजूद PM2.5 के बारीक कण शरीर के अंदर पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
इससे दिल के मरीजों को हार्ट अटैक और अस्थमा से पीड़ित बच्चों को सांस लेने में गंभीर परेशानी हो सकती है। उन्होंने सरकार से प्रदूषण के सही आंकड़े सार्वजनिक करने और इस समस्या की जिम्मेदारी लेने की मांग की।