
Delhi Raghubir Nagar Fire: पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में सोमवार सुबह करीब 4:42 बजे एक इमारत में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग ई-रिक्शा की बैटरी फटने के बाद लगी। हादसे में दो लोग बुरी तरह झुलस गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसा मस्जिद गुरुद्वारा रोड के आर-17 ए इलाके में हुआ। सुबह-सुबह आग लगने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारत की पहली मंजिल पर ई-रिक्शा की बैटरी रखी थी। इसी दौरान बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और आसपास रखे सामान में आग लग गई।
आग तेजी से फैलने लगी और पहली मंजिल का घरेलू सामान इसकी चपेट में आ गया। पुलिस को शक है कि बैटरी चार्ज करते समय उसमें खराबी आई होगी, हालांकि आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है।
हादसे में 17 साल के सुफैद और 38 साल के मोहम्मद सामिद गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि सुफैद मकान मालिक का बेटा था, जबकि मोहम्मद सामिद उसका रिश्तेदार था।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने तेजी से आग बुझाने का काम शुरू किया, ताकि आग इमारत के दूसरे हिस्सों तक न पहुंचे।
करीब 5:25 बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। इसके बाद इमारत को अच्छी तरह जांचा गया, ताकि कहीं अंदर आग दोबारा न भड़क जाए।
जिस इमारत में आग लगी, उसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिलें हैं। आग मुख्य रूप से पहली मंजिल पर रखे सामान में लगी थी।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम हादसे की जांच कर रही है। ई-रिक्शा की बैटरी में धमाका किस वजह से हुआ, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती तौर पर बैटरी को ही आग की वजह माना जा रहा है।