नई दिल्ली

Dwarka Expressway पर मामूली टक्कर के बाद बवाल, डंडा लेकर भिड़ा टैक्सी ड्राइवर; VIDEO वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

Delhi Road Rage: दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे पर मामूली टक्कर के बाद तीन कार चालकों के बीच विवाद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
2 min read
Delhi Road Rage
द्वारका एक्सप्रेसवे पर रोड रेज (Photo-@Sachin1649242)

Dwarka Expressway Road Rage: दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे टनल के पास सोमवार शाम एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते रोड रेज में बदल गया। घटना में तीन अलग-अलग कारों के चालक आमने-सामने आ गए। इस पूरे विवाद का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना की पूरी सच्चाई जानने में जुटी है।

डंडा लेकर पहुंचा टैक्सी चालक

वायरल वीडियो में एक सफेद मारुति अर्टिगा टैक्सी का चालक हाथ में लकड़ी का डंडा लिए दिखाई देता है। वह वैगनआर चालक का कॉलर पकड़कर उससे तेज आवाज में बहस करता नजर आता है। इसी दौरान वहां से गुजर रहा किआ सेल्टोस चालक भी अपनी गाड़ी रोककर नीचे उतर जाता है और दोनों के बीच चल रहे विवाद में शामिल हो जाता है। कुछ देर तक सड़क पर तीनों के बीच तीखी बहस चलती रहती है।

पीसीआर कॉल के बाद पुलिस पहुंची मौके पर

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की शाम करीब 7:44 बजे पीसीआर पर घटना की सूचना मिली थी। शिकायत करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी वैगनआर और टैक्सी के बीच हल्की टक्कर हुई थी। आरोप है कि इसके बाद टैक्सी चालक गुस्से में आ गया और डंडे से हमला करने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए वैगनआर चालक ने उसे धक्का दिया, जिससे वह पास में खड़ी किआ सेल्टोस से टकरा गया और गाड़ी को हल्का नुकसान पहुंचा।

सेल्टोस मालिक ने मांगा नुकसान का मुआवजा

पुलिस का कहना है कि धक्का लगने के बाद टैक्सी चालक मौके से भाग निकला। वहीं, जिस किआ सेल्टोस को नुकसान पहुंचा था, उसके मालिक ने वैगनआर चालक को रोक लिया और गाड़ी के नुकसान की भरपाई की बात कही। इस दौरान माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को ज्यादा बिगड़ने नहीं दिया और पुलिस के पहुंचने तक मामला शांत होने लगा।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पीसीआर टीम जब मौके पर पहुंची तो टैक्सी चालक वहां से जा चुका था। बाद में वैगनआर चालक और किआ सेल्टोस के मालिक ने आपसी सहमति से विवाद खत्म कर लिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता। इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। अधिकारियों का कहना है कि टैक्सी चालक की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

Updated on:
08 Jul 2026 01:11 pm
Published on:
08 Jul 2026 01:11 pm