नई दिल्ली

दिल्ली के शाहदरा में भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबे 6 लोग

दिल्ली के शाहदरा स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार को एक मकान अचानक ढह गया। हादसे में छह लोग मलबे में दब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो लोगों की मौत की खबर है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 11:48 AM IST
under construction building collapse
पहाड़गंज में अचानक भरभराकर गिरी निर्माणाधीन बिल्डिंग, राहत-बचाव शुरू, Photo- ANI

दिल्ली के शाहदरा जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। विवेक विहार के ज्वाला नगर इलाके में एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। अब तक मलबे से 6 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें दो लोगों की मौत होने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सुबह करीब 10 बजे अचानक ढह गया मकान

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजकर 13 मिनट पर ज्वाला नगर इलाके में मकान गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मकान के अचानक गिरने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। ऐसे में बचाव दल ने तुरंत लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए आगे आए।

मलबे से 6 लोगों को निकाला, अस्पताल में भर्ती

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 6 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। सभी को इलाज के लिए दिल्ली के डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इनमें दो लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़, रेस्क्यू जारी

मकान गिरने की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। फिलहाल मलबे की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई और व्यक्ति तो उसके नीचे नहीं दबा है। हादसे के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

Updated on:
17 Nov 2026, 11:48 AM IST
Published on: