नई दिल्ली

दिल्ली आने वाली ट्रेनें रद्द होने पर भड़के अभिजीत दीपके, कहा- PM ने अभी-अभी इमरजेंसी को आधिकारिक कर दिया

Delhi trains cancelled: 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। रेलवे ने ट्रैफिक जाम की आशंका बताई, जबकि CJP के अभिजीत दीपके ने PM मोदी पर तंज कसा।
2 min read
• •
Updated: 9 Oct 2026, 12:46 PM IST
Delhi trains cancelled
दिल्ली आने वाली ट्रेनें रद्द होने पर भड़के अभिजीत दीपके, फोटो सोर्स- ANI

Abhijeet Dipke on PM Modi: दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले रेलवे के एक फैसले ने राजनीतिक बहस छेड़ दी है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया गया है। इस पर CJP के अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि PM ने अभी-अभी इमरजेंसी को आधिकारिक कर दिया।

क्यों रद्द की गईं ट्रेनें?

रेलवे के आदेश के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी। यह फैसला उन ट्रेनों पर लागू है, जो 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होकर तय समय के दौरान दिल्ली पहुंचने वाली थीं। रेलवे ने इसके पीछे दोनों स्टेशनों के आसपास भारी सड़क जाम की आशंका को वजह बताया है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने इस फैसले को सीधे तौर पर CJP के प्रदर्शन से जुड़ा होने की पुष्टि नहीं की है।

प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सख्ती

CJP ने 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी बीच दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और निषेधाज्ञा लागू होने की बात कही है। बता दें कि ट्रेनों को रद्द किए जाने के फैसले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आ रही है। अभिजीत दीपके ने इसे इमरजेंसी से जोड़कर सरकार पर तंज कसा है। दूसरी ओर, रेलवे की ओर से सार्वजनिक की गई वजह ट्रैफिक जाम की आशंका है।

यात्रियों के लिए जरूरी सूचना

10 अक्टूबर को दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन का स्टेटस रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES या RailOne ऐप पर जांचने के बाद ही स्टेशन के लिए निकलना चाहिए। ट्रेन रद्द होने या समय में बदलाव की स्थिति में वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पहले से कर लेना बेहतर होगा।

दिल्ली में 57 मेट्रो बंद

इसके अलावा, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस के निर्देश पर 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से बंद करने का फैसला लिया गया है। इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो की फ्रीक्वेंसी भी कम की जा सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। यानी दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों पर रोक के साथ-साथ मेट्रो यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Updated on:
9 Oct 2026, 12:46 PM IST
Published on: