नई दिल्ली

Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम का ‘येलो अलर्ट’, मंगलवार से फिर शुरू होगा आंधी-बारिश का दौर

Delhi Weather News: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार (7 अप्रैल) से मौसम बदलने वाला है, जहां आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

2 min read
Delhi Weather Update
बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो)

Weather Update: देश की राजधानी और आसपास के इलाकों (NCR) में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। पिछले कुछ दिनों में हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्लीवासियों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसके अनुसार मंगलवार से दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और बारिश की वापसी हो सकती है।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार 7 अप्रैल (मंगलवार) से दिल्ली और एनसीआर के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही आंधी के समय हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार को भी राहत के आसार

राहत का यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार, बुधवार दोपहर या शाम के समय गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान भी 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को लू जैसी स्थिति से निजात मिलेगी।

सामान्य से ऊपर रहा न्यूनतम पारा

शनिवार और रविवार को दिल्ली के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शनिवार को यह 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

AQI में सुधार, दिल्ली की हवा हुई साफ

बारिश और तेज हवाओं का सबसे सकारात्मक असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 129 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। तेज हवाओं के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व छंट गए हैं, जिससे प्रदूषण स्तर में काफी कमी आई है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले कुछ दिनों तक हवा का रुख ऐसा ही बना रह सकता है, जिससे वायु गुणवत्ता बेहतर बनी रहने की उम्मीद है।

Published on:
05 Apr 2026 04:52 pm