
Arvind Kejriwal Ethanol Policy: देश में पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल ब्लेंडिंग को लेकर राजनीति और बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने E20 ईंधन से गाड़ियों के खराब होने का दावा करते हुए प्रधानमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने एथनॉल के वैज्ञानिक और तकनीकी फायदों को गिनाते हुए पलटवार किया है।
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार बाहरी दबाव में आकर बड़े पैमाने पर एथनॉल का आयात कर रही है, जिससे आम जनता के वाहनों के इंजन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। AAP कार्यकर्ताओं और E20 ईंधन से प्रभावित वाहन मालिकों के साथ केजरीवाल लाखों हस्ताक्षरित ज्ञापनों को लेकर पीएम आवास की ओर बढ़े और इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।
केजरीवाल के विरोध प्रदर्शन और आरोपों के बाद बीजेपी ने एथनॉल ब्लेंडिंग का बचाव करते हुए इसके तकनीकी लाभ जनता के सामने रखे। बीजेपी का कहना है कि एथनॉल को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जबकि हकीकत में यह तकनीक दुनिया भर में सफल साबित हुई है।
बीजेपी ने कहा कि एथनॉल को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और राजनीतिक बयानों से बचना चाहिए तथा इसके वैज्ञानिक तथ्यों को समझना जरूरी है। पार्टी के मुताबिक, एथनॉल का ऑक्टेन नंबर सामान्य पेट्रोल की तुलना में अधिक होता है, इसलिए इसका उपयोग आज फॉर्मूला-1 जैसी हाई-परफॉर्मेंस रेसिंग कारों में भी किया जाता है। एथनॉल के इस्तेमाल से इंजन में बेहतर दहन, तेज़ एक्सीलरेशन और बेहतर एंटी-नॉकिंग क्षमता मिलती है। बीजेपी ने यह भी कहा कि दुनिया के कई विकसित देश वर्षों से एथनॉल का सफलतापूर्वक उपयोग कर रहे हैं और भारत भी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इतना ही नहीं पीएम आवास की तरफ मार्च निकालने से पहले एक्स पर वीडियो जारी करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिका के दबाव में देश के लोगों के हितों से समझौता करने का गंभीर आरोप लगाया है। दरअसल, केजरीवाल ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा है कि 'डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में आकर पीएम मोदी अमेरिका से बड़ी मात्रा में इथेनॉल का आयात कर रहे हैं और उनके आगे झुक रहे हैं। इस फैसले की वजह से ई20 ईंधन के इस्तेमाल से आम जनता की गाड़ियां लगातार खराब हो रही हैं।'