उधर, मंत्री कपिल मिश्रा ने छठ पूजा की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता को 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट समर्पित किया है। मुनक नहर के किनारे भव्य छठ घाट बनाया गया है, जहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस साल एक बार फिर यमुना किनारे भी छठ पूजा का आयोजन होगा। इसके लिए नदी के किनारे 24 मॉडल घाट तैयार किए गए हैं। इसके अलावा पूरी दिल्ली में 1,465 स्थानों पर छठ पूजा के इंतजाम किए गए हैं। कपिल मिश्रा ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले छठ पूजा पर रोक लगा दी गई थी और पर्व मनाने वालों को जेल भेजा जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि अब दिल्ली में लोग गर्व के साथ छठ पूजा मना सकेंगे।