12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Delhi Pollution: दिवाली के पटाखे ही नहीं, ये चीजें भी बना रही हैं दिल्ली की हवा जहरीली, वैज्ञानिक ने बताई बड़ी वजह

Delhi Air Pollution: दिल्ली की जहरीली हवा के लिए सिर्फ दिवाली के पटाखे और पराली जिम्मेदार नहीं हैं। पर्यावरण वैज्ञानिक सुनील दहिया ने उद्योगों, बिजलीघरों और कूड़ा जलाने को भी प्रदूषण की बड़ी वजह बताया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 12 Nov 2026, 4:07 PM IST

Delhi AQI

पर्यावरण वैज्ञानिक सुनील दहिया ने दिल्ली के प्रदूषण के लिए पटाखों के अलावा कई दूसरे कारणों को भी जिम्मेदार बताया। (फोटो सोर्स-IANS)

Delhi AQI: दिल्ली की हवा हर साल सर्दियां शुरू होते ही खराब होने लगती है। दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ता है तो पटाखों और पराली जलाने को इसकी बड़ी वजह बताया जाता है। लेकिन पर्यावरण वैज्ञानिक सुनील दहिया का कहना है कि दिल्ली के प्रदूषण की समस्या सिर्फ इतनी नहीं है। उद्योगों से निकलने वाला धुआं, बिजलीघर, कूड़ा जलाना और कचरे का सही इंतजाम नहीं होना भी हवा को लगातार जहरीला बना रहा है। उनका कहना है कि योजनाएं बनाने से ज्यादा जरूरी है कि उन पर सही तरीके से काम हो।

एनवायरोकैटालिस्ट्स के संस्थापक सुनील दहिया ने बताया कि इस बार दिवाली की रात दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था। कई जगहों पर प्रदूषण की रीडिंग 1000 से ऊपर चली गई थी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रिकॉर्ड में कुछ जगहों पर इतनी अधिक रीडिंग दिखाई नहीं दे रही थी, जबकि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के आंकड़ों में यह दर्ज थी।

उन्होंने बताया कि दिवाली के दिन दोपहर में ही दिल्ली का प्रदूषण स्तर करीब 135 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। यह भारत के तय मानक से दोगुने से ज्यादा और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानक से करीब नौ गुना अधिक था। इससे साफ है कि दिल्ली की हवा केवल दिवाली के पटाखों से खराब नहीं होती। मानसून के कुछ महीनों को छोड़ दें तो यहां पूरे साल प्रदूषण बना रहता है।

पटाखों और पराली के अलावा भी कई वजह

सुनील दहिया के मुताबिक, अक्टूबर और नवंबर में हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषण बढ़ने लगता है। इस दौरान पराली जलाने का धुआं और दिवाली के पटाखे हालात को और खराब कर देते हैं। लेकिन इन दोनों वजहों पर चर्चा होने के बाद बाकी समय प्रदूषण फैलाने वाले दूसरे कारणों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में उद्योगों, ताप बिजलीघरों, घरों में ईंधन जलाने और कूड़ा-कचरा जलाने से भी हवा लगातार खराब हो रही है। कचरे का सही तरीके से निपटारा नहीं होना भी बड़ी समस्या है।

योजना बनी, लेकिन प्रदूषण पर रोक नहीं

दहिया ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने पर GRAP-2, GRAP-3 और GRAP-4 के तहत पार्किंग शुल्क बढ़ाने, निर्माण कार्य रोकने और वाहनों पर पाबंदी जैसे कदम उठाए जाते हैं। पहले इन नियमों की जानकारी लोगों को आखिरी समय में मिलती थी।

इस बार सर्दियां शुरू होने से पहले ही विंटर एक्शन प्लान जारी किया गया, ताकि सरकारी विभागों को तैयारी का समय मिल सके। इसके बावजूद प्रदूषण फैलाने वाले कई स्रोतों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई।

रात 10 बजे के बाद भी जलते रहे पटाखे

दिवाली पर नियमों का पालन नहीं होने पर भी दहिया ने सवाल उठाए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक रात 8 से 10 बजे तक ही ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति थी, लेकिन कई जगह इसके बाद भी पटाखे जलाए गए। दिल्ली में प्रदूषण का सबसे ऊंचा स्तर रात करीब 1 बजे दर्ज किया गया। ग्रीन पटाखों के नाम पर बेचे गए कुछ पटाखों के क्यूआर कोड भी फर्जी पाए जाने की खबरें सामने आईं।

दहिया का कहना है कि प्रदूषण की समस्या सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। पाकिस्तान के पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक फैले गंगा के मैदानी इलाके में भी हवा की हालत खराब है। ऐसे में दिल्ली की हवा साफ करने के लिए पटाखों और पराली पर रोक लगाने के साथ-साथ पूरे साल प्रदूषण फैलाने वाले सभी स्रोतों पर सख्ती से काम करना होगा।