नई दिल्ली

पूर्वी दिल्ली में वारदात, युवक पर लाठियों से जानलेवा हमला, चश्मदीद गार्ड को भी दी धमकी

Crime News: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज 3 में रविवार सुबह युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर जान ले ली गई। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है। जानें क्या है पूरा मामला...
2 min read
Forensic team investigation, Security guard witness statement
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार में युवक की लाठी-डंडों से पीट- पीटकर जान ले ली (फोटो सोर्स- IANS)

Crime News:दिल्ली के पूर्वी इलाके से रविवार सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के मयूर विहार फेज-3 में सुबह लाठी-डंडों से वार कर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह करीब 5 बजे हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

सिक्योरिटी गार्ड ने बताई पूरी कहानी

घटना स्थल के पास मौजूद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल यादव ने इस वारदात का आंखों देखा हाल बताया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्होंने दो लोगों को एक शख्स पर लाठियों से हमला करते देखा था। जब उन्होंने बीच-बचाव करने या देखने की कोशिश की, तो हमलावरों ने गार्ड को भी जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को अलग किया और तुरंत पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में ले लिया। मौके पर बुलाई गई फॉरेंसिक स्पेशलिस्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और हमलावरों की पहचान करने के लिए उसे खंगाला जा रहा है।

दिल्ली में हाल की दो बड़ी वारदातें

दिल्ली में हाल के दिनों में अपराध की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनमें नाबालिग छात्र से जुड़ा मामला और नरेला में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला भी शामिल है।

नागलोई में छात्र पर चाकू से हमला

कुछ दिन पहले दिल्ली के नागलोई इलाके में 15 साल के एक छात्र पर चाकू से हमला किया गया था। छात्र स्कूल जा रहा था, तभी कुछ लड़कों ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र की बाद में मौत हो गई। बताया गया कि छात्र ने कुछ युवकों को एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने से रोकने की कोशिश की थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि लड़कों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया।

नरेला में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली

इससे पहले दिल्ली के नरेला इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी गई थी। यह वारदात जिम के बाहर हुई थी, जहां हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद को निशाना बनाया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर के नाम से प्रमोद की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
06 Sept 2026 09:44 am
Published on:
06 Sept 2026 09:41 am