Gargi College Controversy: गार्गी कॉलेज में DUSU अध्यक्ष और एबीवीपी सदस्यों की जबरदस्ती एंट्री विवाद का विषय बन गया है। छात्रों ने इसका जमकर विरोध किया लेकिन पुलिस हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। अब इस मामले पर AAP ने ABVP को आड़े लेकर खूब सुनाया है।
Gargi College Controversy: दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में हाल ही में हुई एक घटना की वजह से सियासी माहौल गरमाता दिख रहा है। गार्गी कॉलेज में जबरन प्रवेश को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मुख्य आरोप आर्यन मान और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों पर लगाया जा रहा है। इन लोगों पर आरोप लगने के बाद इस मामले ने राजनीतिक एंगल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) खुलकर विरोध में उतर आई है और नरेंद्र मोदी और BJP पर निशाना साधा है। वहीं ABVP अपने कदम को सही ठहराने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली की गार्गी कॉलेज में हुआ यह पूरा विवाद शुक्रवार को हुए छात्र परिषद चुनाव से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि चुनाव में खड़ी एक उम्मीदवार ने DUSU अध्यक्ष आर्यन मान से संपर्क किया और आरोप लगाया कि वोटिंग प्रक्रिया उसके साथ निष्पक्ष नहीं है। इसके बाद आर्यन मान अपने कुछ साथियों के साथ कॉलेज पहुंचे, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। नियमों के अनुसार, गर्ल्स कॉलेज में पुरुषों की एंट्री केवल खास परिस्थितियों में और पूरी जांच के बाद ही दी जाती है।इसके बावजूद भी आर्यन मान और उनके साथ आए लोग कॉलेज परिसर में जबरदस्ती घुस गए और दावा किया कि उम्मीदवार के समर्थन में आए हैं।
घटना के दौरान कई छात्राओं ने इसका विरोध किया और नारे भी लगाए। एक छात्रा ने कहा कि कॉलेज के छात्र राजनीति से ज्यादा संबंध नहीं है और DUSU अध्यक्ष की यहां सीमित भूमिका होती है। उसके अनुसार, जिस तरह से वे अंदर आए, उनका व्यवहार डराने वाला था। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और सभी लोगों को बाहर निकाल दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालात पूरी तरह काबू में थे और कोई भी बड़ी या खराब घटना नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र चुनाव शांति से पूरा हो गया।
इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि यह सिर्फ नियम तोड़ने का मामला नहीं, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि “बेटी बचाओ” जैसे नारे जमीन पर नजर नहीं आते। इस घटना के बाद एक महिला कॉलेज में ही सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। AAP ने इस पूरे घटनाक्रम को उदाहरण बताते हुए Narendra Modi, BJP और ABVP पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या यही BJP और ABVP के संस्कार हैं?
इस मामले में DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने तो कुछ नहीं कहा, लेकिन ABVP के नेता सार्थक शर्मा ने बताया कि शुरुआत में वे लोग सिर्फ शांति से विरोध कर रहे थे। उनके अनुसार एक ऐसी छात्रा ने शिकायत की थी जो किसी भी संगठन से नहीं जुड़ी थी और उसे लग रहा था कि उसके साथ सही व्यवहार नहीं हो रहा। सार्थक शर्मा ने यह भी कहा कि पहले वे लोग बाहर बैठकर धरना दे रहे थे, लेकिन जब एक स्टाफ सदस्य ने उनसे गलत तरीके से और अभद्र भाषा में बात की, तब माहौल बिगड़ गया और कुछ लोग अंदर चले गए।