21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Alert: दिल्ली में आज 21 अप्रैल को हीटवेव की आशंका, जानें आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

Weather Update Delhi NCR: दिल्ली में गर्मी का सितम शुरू! मौसम विभाग ने आज, 21 अप्रैल को इस साल की पहली 'हीटवेव' का अलर्ट जारी किया है। दोपहर में पारा 41 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। जानें मौसम का पूरा हाल।

2 min read
Google source verification
delhi heatwave alert today 21 april temperature reaches 41 degrees

photo ani

Delhi Temperature Today: दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज मंगलवार, 21 अप्रैल को राजधानी को इस साल की पहली 'हीटवेव' यानी लू का सामना करना पड़ सकता है। अनुमान है कि दोपहर तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। हालांकि, सुबह के वक्त मौसम में हल्की ठंडक रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। सफदरजंग में यह 20.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है, जबकि पालम में 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं लोधी रोड में पारा सामान्य से 3.2 डिग्री कम होकर 18.8 डिग्री पर सिमट गया। रिज क्षेत्र और अयानगर में भी न्यूनतम तापमान 22.3 और 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम ही दर्ज किया गया।

दिल्ली की AQI का क्या हाल?

मौसम विभाग ने कहा है कि 22 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच हीटवेव लू के आसार बने रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान और बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हीटवेव तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है।

इस बीच, शहर की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड CPCB के अनुसार एयर क्वालिटी इंडेक्स 171 दर्ज किया गया। CPCB के मानकों के अनुसार 0-50 ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

जानें कहां- कहां जारी किया अलर्ट

इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने सोमवार को कहा कि अगले चार से पांच दिन तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के आसपास के कुछ इलाकों में लू चलने का प्रबल अनुमान है। IMD ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है।

IMD ने कहा, ‘20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में कुछ इलाकों में रात का तापमान बढ़ने का अनुमान है। IMD ने बताया कि सोमवार को देश के दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के विभिन्न राज्यों में मध्यम से तीव्र गरज के साथ बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, सोमवार को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि का अनुमान है।