
घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस और आरोपी इंजीनियर की फाइल फोटो
Bihar News: बिहार के सीवान जिले में जीबी नगर थाना क्षेत्र के ओलपुर गांव में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी पसंद की शादी और गहनों को लेकर हुए झगड़े के बाद क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। बेंगलुरु में नौकरी करने वाले आरोपी इंजीनियर दीपक कुमार ने अपने ही परिवार के आठ सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी बुआ की मौत हो गई, जबकि बाकी सात लोग इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
आरोपी दीपक कुमार बेंगलुरु की एक जानी-मानी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर काम करता है और उसकी सालाना सैलरी 40 लाख रुपये है। दीपक का उसी कंपनी में काम करने वाली एक सहकर्मी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन, उसके परिवार वालों ने उसकी पसंद को नजरअंदाज कर दिया और उसकी शादी कहीं और तय कर दी। वह 17 अप्रैल को अपनी शादी के लिए गांव आया था, लेकिन उसके अंदर नफरत की आग सुलग रही थी।
आज दीपक की शादी का शुभ दिन था। लेकिन शादी से ठीक दो दिन पहले घर में गहनों की खरीद को लेकर झगड़ा हो गया। दीपक 10 लाख रुपये से 12 लाख रुपये के बीच के ब्रांडेड गहनों की मांग कर रहा था। देखते- देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर दीपक ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में रखा चाकू उठाया और अपने ही परिवार वालों पर जोरदार हमला कर दिया।
दीपक ने सबसे पहले अपने चाचा पर हमला किया। शोर सुनकर जब उसकी बुआ फूलमती देवी बीच-बचाव करने के लिए दौड़ीं, तो दीपक ने उन पर भी पागलों की तरह चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने किसी को नहीं बख्शा, उसने अपने पिता, चाची, भाई-बहनों और यहां तक कि बीच-बचाव करने के लिए घर में घुसे दो पड़ोसियों पर भी हमला कर दिया। हमले के बाद आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने आरोपी की बुआ फूलमती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हमले में सिकंदर कुमार, अभिषेक कुमार, नागेंद्र सिंह, अंजली कुमारी, संध्या कुमारी, योगेंद्र शर्मा और शोभा देवी को गंभीर चोटें आईं।
घर के आंगन में अपनों को तड़पता देख आरोपी दीपक ने खुद के चेहरे और शरीर पर भी चाकू से वार किए। जब वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह भाग निकला। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक (SP) पूरन कुमार झा ने घटनास्थल का दौरा किया और घर को सील कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना पूरी तरह से 'डिप्रेशन' और 'पारिवारिक कलह' का परिणाम है। दीपक फिलहाल पुलिस हिरासत में है और घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
Published on:
21 Apr 2026 12:58 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवान
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
