
हत्याकांड की जानकारी देती पुलिस
Bihar Crime News:बिहार के सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में 26 मई को हुई गुड्डू सिंह की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और मृतक के चचेरे भाई पिंकू कुमार समेत 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कस्टडी में पिंकू ने बताया है की एक थप्पड़ और भरी पंचायत में हुए अपमान का बदला लेने के लिए वो पिछले 6 सालों से नफरत की आग में सुलग रहा था और मौका मिलते ही उसने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी पिंकू कुमार ने बताया कि यह पूरी कहानी साल 2018 में शुरू हुई थी, जब वो नाबालिग था। उसका पड़ोस के गांव की रहने वाली एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों बालिग होकर शादी करने वाले थे और परिजनों के न मानने पर घर से भागकर दिल्ली जाने की प्लानिंग भी कर चुके थे। साल 2020 में कोरोना काल के दौरान जब बंदिशें बढ़ीं, तो पिंकू अप्रैल 2020 की एक रात अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर चला गया। लेकिन वहां लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। रातभर बंधक बनाकर पीटने के बाद अगले दिन सुबह उसके चाचा सुभाष को बुलाया गया।
पिंकू ने पुलिस को बताया की अगले दिन गांव में पंचायत बैठी, जिसमें 500 से ज्यादा लोग मौजूद थे। मुझे पंचायत के सामने बांधकर लाया गया और जमीन पर बैठा दिया गया। जब चाचा ने मुझसे पूछा कि ऐसा क्यों किया, तो मैंने कहा कि मेरी कोई गलती नहीं है, मैंने बस प्यार किया है। इसी बात पर चाचा ने भरी पंचायत में मुझे जोरदार थप्पड़ मार दिया। पिंकू का दर्द यह था कि उसके सगे चाचा ने उसका साथ देने के बजाय दूसरे गांव वालों का पक्ष लिया। घर लौटने के बाद भी उसे लगातार अपमानित किया गया।
आरोपी पिछले 5 सालों से अपने चाचा और उन ग्रामीणों की हत्या करने का प्रयास कर रहा था, जिन्होंने उन्हें पकड़ा था। लेकिन हर बार वह असफल रहा। कई बार उसके दोस्तों ने भी उसका साथ नहीं दिया। आखिरकार, उसने अपने चाचा के बेटे गुड्डू सिंह को निशाना बनाया, क्योंकि गुड्डू उसके लिए सबसे आसान टारगेट था। मृतक गुड्डू सिंह अभी 20 दिन पहले ही अपने कैंसर पीड़ित पिता का इलाज कराने के लिए सऊदी अरब से लौटा था। घटना के दिन वह अपने पिता को पटना के अस्पताल से दिखाकर शाम को घर लौटा था और बाजार गया था, जहां पिंकू ने उसे गोली मार दी।
सदर-1 एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिंकू कुमार और उसे वारदात के लिए हथियार उपलब्ध कराने वाले शातिर अपराधी परवेज आलम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार परवेज आलम का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि पिंकू का पहले से कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
01 Jun 2026 02:17 pm
Published on:
01 Jun 2026 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवान
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
