
बाहुबली शहाबुद्दीन के बेटे और राजद विधायक ओसामा शहाब (फोटो- फ़ेसबुक)
बिहार के सीवान जिले में पुलिस ने दिवंगत सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सोमवार सुबह सारण रेंज के DIG नीलेश कुमार और सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने विधायक के ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस टीम ने एक ही समय पर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनके पैतृक घर प्रतापपुर और नगर थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास नया किला पर छापेमारी की।
यह पूरी कार्रवाई वर्तमान में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रहने वाली गोपालगंज की डॉ. सुधा सिंह द्वारा महादेव थाना में दर्ज कराई गई एक FIR के आधार पर की गई। डॉ. सुधा सिंह का आरोप है कि जब सीवान के झुनापुर में उनके द्वारा कानूनी तौर पर खरीदी गई जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा था, तब ओसामा शहाब ने दखल दिया और उनकी जमीन को अपनी बताते हुए काम रुकवाने के लिए दबाव डाला।
डॉ. सुधा सिंह ने अपनी लिखित शिकायत में पुलिस को बताया कि विधायक ने उनके पति डॉ. विनय कुमार सिंह को फोन किया और निर्माण कार्य रोकने के लिए उन्हें धमकी दी। इसके कुछ ही समय बाद 30-35 हथियारबंद लोगों का एक समूह मौके पर पहुंचा और वहां काम कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं इन हथियारबंद लोगों ने मजदूरों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और वहां लगे CCTV कैमरों को तोड़कर अपने साथ ले गए।
डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि जमीन पर कब्जे और रंगदारी के इस मामले में पुलिस की जांच के दौरान विधायक ओसामा शहाब सहित कई लोगों के नाम सामने आए थे। पुलिस ने इस मामले में पर्याप्त सबूत जुटाए। फिर उन सबूतों के आधार पर पुलिस ने अदालत से वारंट प्राप्त किया और उसके बाद छापेमारी की। पुलिस ने सीवान स्थित आवास पर लगभग 40 मिनट तक गहन तलाशी ली। इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसमें कई थानों के थाना प्रभारी और अनुमंडल पुलिस अधिकारी शामिल थे।
छापेमारी के बाद डीआईजी निलेश कुमार ने एक कड़ा संदेश देते हुए घोषणा की कि सीवान के जमीन माफिया अब शहर छोड़ दें क्योंकि पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के मूड में है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जो लोग जबरदस्ती और डरा-धमकाकर जमीन हड़पते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि इस छापेमारी के दौरान अब तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कानूनी कार्रवाई और तेज की जाएगी।
Published on:
04 May 2026 12:18 pm
