नई दिल्ली

Gaushala Controversy: ये वही आतिशी हैं…’आप’ और सपा पर क्यों भड़की भाजपा? गौशाला बनाम इत्र पार्क पर मचा बवाल

Gaushala Controversy: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोशाला को लेकर दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने इसे सनातन का अपमान बताया है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी के बयान पर भाजपा नेता ने पलटवार किया है।
3 min read
Gaushala Controversy: ये वही आतिशी हैं…’आप’ और सपा पर क्यों भड़की भाजपा? गौशाला बनाम इत्र पार्क पर मचा बवाल

Gaushala Controversy: दिल्ली की कानून व्यवस्‍था को लेकर आम आदमी पार्टी की कालकाजी विधायक आतिशी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने इसपर पलटवार करते हुए आतिशी को आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान की गई गलतियों की याद दिलाई है। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर सियासत गरमा गई है। जिसमें उन्होंने भाजपा पर गोशाला बनवाने और गंदगी फैलाने का आरोप लगाया था। भाजपा नेताओं ने इसे सनातन का अपमान बताया है। इसको लेकर दिल्ली से लेकर यूपी तक सियासी बवाल मच गया है।

अखिलेश यादव के बयान पर मचा सियासी घमासान

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया। जिसमें अखिलेश यादव ने भाजपा को निशाना बनाते हुए कहा था “ये केवल गोशाला बनाते हैं, दुर्गंध फैलाते हैं और हम परफ्यूम की फैक्ट्रियां लगाते हैं।” भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा "इससे साफ पता चलता है कि अखिलेश यादव के मन में गौ माता और सनातन के प्रति कितनी घृणा है। अखिलेश यादव जिस वंश से आते हैं। वह भी सनातन का ही हिस्सा है। गाय केवल गाय नहीं, बल्कि हमारी माता है। जिसकों हम सदियों से पूजते आ रहे हैं। गाय हमारी संस्कृति और सभ्यता की परिचायक है। कम से कम अखिलेश यादव को गोमाता के बारे में कुछ भी कहने से पहले सोचना चाहिए।"

इसके साथ ही भाजपा ने सांसद ने दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी के दिल्ली की कानून व्यवस्‍था वाले बयान पर कहा "यह वही आतिशी हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री पद पर होते हुए भी अपनी पार्टी की खामियों को छिपाया। CAG रिपोर्ट उनके पास होते हुए भी दिल्ली विधानसभा में पेश नहीं की गई और आज वे हमसे सवाल कर रही हैं? निश्चित रूप से हमारी सरकार CAG की सारी रिपोर्ट विधानसभा सदन के पटल पर रखेगी और आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार का काला सच जनता के सामने आएगा।"

दूसरी ओर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा "ये सभी पार्टियां सनातन के विरोध में आवाज उठाती रहती हैं। अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा को दुर्गंध पसंद है इसलिए वह गौशाला का निर्माण करा रही है और सपा को सुगंध पसंद है इसलिए हम इत्र बनाते हैं। यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि इन लोगों को सनातन से लगाव नहीं है और ये सभी सनातन विरोधी हैं। अगर हिंदुस्तान में रहकर कोई सनातन का विरोध करता है तो उसे हिंदुस्तान में राजनीति बंद कर देनी चाहिए। उसे वह भूमि ढूंढ़नी चाहिए, जहां सनातन का अपमान हो सके। यह देश सनातन का अपमान नहीं सहेगा।"

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

दरअसल, कन्नौज में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सियासी हमला बोला था। अखिलेश यादव ने कहा "समाजवादी पार्टी सुगंध को पसंद करने वाली पार्टी है। इसलिए हम परफ्यूम पार्क बना रहे थे। ये लोग (भाजपा) दुर्गंध पसंद करते हैं। इसलिए गोशाला बना रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की ये नफरत वाली दुर्गंध है। भाजपा सरकार सांड पकड़ रही है या नहीं, लेकिन उसका पैसा जरूर खा रहे हैं।"

आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने क्‍या कहा था?

दरअसल, गुरुवार को मीडिया को दिए बयान में आतिशी ने कहा "दिल्ली में लगातार कानून व्यवस्‍था बिगड़ती जा रही है। चाहे महिलाओं के अपराध हो, बलात्कार हो, गैंगवार हो, गोलियां चलना हो, फिरौती की कॉल्स हों। आज दिल्ली में कानून व्यवस्‍था बद से बदतर हो रही है। जब आम आदमी पार्टी के विधायकों ने दिल्ली विधानसभा में चर्चा के लिए लगाया तो विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उसे खारिज कर दिया।”

आम आदमी पार्टी की विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता पर आरोप लगाते हुए आगे कहा “दिल्ली की कानून व्यवस्‍था पर चर्चा की मांग करने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कह दिया कि दिल्ली विधानसभा में कानून-व्यवस्था में चर्चा ही नहीं होगी। यह कैसे हो सकता है? दिल्ली में गोलियां चलेंगी। बलात्कार होगा। किडनैपिंग होंगी। फिरौती की कॉल्स आएंगी। ऐसा लगता है कि विजेंद्र गुप्ता भाजपा की डबल इंजन की सरकार की विफलताओं को छिपाना चाहते हैं।"

Also Read
View All
E20 पेट्रोल विवाद: हरदीप सिंह पुरी के बयान पर भड़के अरविंद केजरीवाल, कहा- इतना घमंड अच्छा नहीं, लोगों की बात सुनें

बारिश के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, तिरपाल लगाने की मांग पर पुलिस-प्रदर्शनकारियों में बहस; अफसर के पैरों में गिरे अभिजीत दीपके

दिल्ली में DDA का ‘मिशन मोड’ अभियान, 57 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा सिल्ट हटाई; डीसिल्टिंग में 70% की बढ़ोतरी

दिल्ली की बदहाली पर बरसे केजरीवाल: बोले-‘हर तरफ बाढ़ और कचरे के ढेर, BJP ने 1 साल में शहर को कर दिया बर्बाद’

दिल्ली हाई कोर्ट में सलमान खान की याचिका पर सुनवाई टली, ‘काला हिरण’ फिल्म के मेकर्स के खिलाफ अब कल सुनी जाएगी दलील