नई दिल्ली

गोवा के मंत्री गोविंद गौडे ने दिया अजीबो-गरीब बयान, कहा- ‘शाहजहां ने ताजमहल बनाने के लिए कोटेशन नहीं मांगा’

गोवा के मंत्री गोविंद गौडे ने ताजमहल को लेकर अटपटा बयान देते हुए कहा कि सालों पहले बना ताजमहल अभी भी सुंदर है और वो एक एवरलास्टिंग ब्यूटी है, क्योंकि शाहजहां ने आगरा में इसे बनाने के लिए कोटेशन नहीं मांगा था।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2022, 12:53 PM IST
Goa Art and Culture Minister Govind Goude defends Kala Academy renovation decision, says Taj Mahal was not built after inviting quotations
Goa Art and Culture Minister Govind Goude defends Kala Academy renovation decision, says Taj Mahal was not built after inviting quotations

गोवा के कला और संस्कृति मंत्री गोविंद गौडे ने ताजमहल को लेकर एक बेतुका बयान दिया है। मंत्री ने मानसून सत्र के दौरान पणजी स्थित आइकोनिक कला अकादमी भवन के नवीनीकरण के लिए राशि के आवंटन पर जारी विवाद पर सफाई देते हुए 17 वीं शताब्दी के मुगल स्मारक ताजमहल का उदाहरण लिया। उन्होंने कहा कि ताजमहल बनाने के वक्त मुगल बादशाह शाहजहां ने भी किसी से कोटेशन नहीं मांगी थी।

दरअलस, गोवा विधानसभा के मानसून सत्र के प्रश्नकाल के दौरान गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के विधायक विजय सरदेसाई ने कला अकादमी भवन के नवीनीकरण के लिए 49 करोड़ रुपये के कार्य आदेश आवंटन पर सवाल उठाए थे और आरोप लगाया कि विभाग ने केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) की नियमावली का उल्लंघन कर नवीनीकरण का कार्य टेकटन बिल्डकॉन्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित किया है। उनका कहना था कि आवंटन के दौरान कला और संस्कृति विभाग को दरकिनार क्यों किया गया?

वहीं विधायक के इस सवाल पर अपने विभाग की कार्रवाई का बचाव करते हुए गोविंद गौडे ने ताजमहल और शाहजहां का उदाहरण देते हुए कहा, "सालों पहले बना ताजमहल अभी भी सुंदर है और वो एक एवरलास्टिंग ब्यूटी है, क्योंकि शाहजहां ने आगरा में इसे बनाने के लिए कोटेशन नहीं मांगा था। मेरे सहयोगी ने अवश्य ही आगरा में ताजमहल देखा होगा। इसका निर्माण 1632 में शुरू हुआ और 1653 में पूरा हुआ। लेकिन आज भी यह क्यों सुंदर दिखता है? क्योंकि शाहजहां ने ताजमहल का निर्माण करते समय कोटेशन नहीं मांगा था और अब लगभग 390 साल हो गए हैं और वो जस का तस खड़ा है।"

बता दें, 1960 के दशक में बनाया गया कला अकादमी गोवा में कला का एक केंद्र था, जिसे प्रमुख आर्किटेक्ट और शहरी योजनाकार चार्ल्स कोरिया द्वारा डिजाइन किया गया था। करीब एक साल से इसकी मरम्मत और नवीनीकरण का काम चल रहा है। वहीं इस बिल्डिंग के डिजाइन को लेकर भी गोविंद गौडे ने सवाल उठाए।

यह भी पढ़ें: बिहार के पटना से 2 आतंकी गिरफ्तार, चला रहे थे आतंक की फैक्ट्री, PFI और SDPI के लिए देते थे ट्रेनिंग

Published on: