Dhurandar 2 Controversy: 'ओये-ओये' गाने के कॉपीराइट विवाद पर दिल्ली हाई कोर्ट ने निर्माता राजीव राय को फटकार लगाई। टी-सीरीज और आदित्य धर को 'चोर' कहने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी।
Dhurandar 2 Controversy: फिल्म 'त्रिदेव' के मशहूर गाने 'तिरछी टोपीवाले' (ओए-ओए) के कॉपीराइट को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म निर्माता राजीव राय (त्रिमूर्ति फिल्म्स) द्वारा आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस और टी-सीरीज के खिलाफ की गई सार्वजनिक बयानबाजी पर कड़ी आपत्ति जताई है। अदालत ने राय के वकील से दोटूक कहा कि वे अपने मुवक्किल को चुप रहने की सलाह दें।
आपको बता दें कि यह विवाद आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' के गाने 'रंग दे लाल - ओये ओये' को लेकर शुरू हुआ। यह फिल्म हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। त्रिमूर्ति फिल्म्स का आरोप है कि इस गाने में उनकी फिल्म 'त्रिदेव' के ओरिजिनल ट्रैक 'तिरछी टोपीवाले' का अनधिकृत इस्तेमाल किया गया है, जो कॉपीराइट का उल्लंघन है। 9 अप्रैल को कोर्ट ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से मामला सुलझाने के लिए 'मध्यस्थता' (Mediation) का रास्ता अपनाने को कहा था।
आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस (B62 Studios) और टी-सीरीज ने कोर्ट में आवेदन दाखिल कर बताया कि मध्यस्थता के लिए तैयार होने के बावजूद राजीव राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उन्हें 'चोर' जैसे शब्दों से संबोधित किया। टी-सीरीज के वकील अखिल सिब्बल और आदित्य धर के वकील निजाम पाशा ने दलील दी कि इस तरह की बयानबाजी से फिल्म के कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है और यह अदालती कार्यवाही की गरिमा के खिलाफ है।
जस्टिस तुषार राव गेडेला की बेंच ने कहा, 'जब आप न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं, तो सार्वजनिक रूप से बयानबाजी में संयम बरतना अपेक्षित है। आप उन्हें 'चोर' बुला रहे हैं, यह माहौल को और खराब कर रहा है। अदालती कार्यवाही की एक पवित्रता होती है। अगर आप इस तरह के आरोप लगाएंगे, तो यह सही नहीं है।'
राजीव राय के वकील ने दलील दी कि उनके मुवक्किल ने यह बातें 'पीड़ा' और 'आक्रोश' में कही थीं, लेकिन वे मध्यस्थता की प्रक्रिया के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। त्रिमूर्ति फिल्म्स की ओर से अदालत को आश्वासन दिया गया कि आगामी 6 मई (सुनवाई की अगली तारीख) तक वे प्रेस में विपक्षी पार्टियों के खिलाफ कोई बयान नहीं देंगे।