नई दिल्ली

500 किलोमीटर दूर से आया मौत का फरिश्ता, जेठानी के पास सो रही पत्नी पर चाकू से किए वार, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Delhi crime news: दिल्ली के कड़कड़डूमा गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वह लखनऊ से चाकू खरीदकर पत्नी की हत्या करने के इरादे से दिल्ली आया था। वारदात के बाद तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
2 min read
Delhi murder case
पति ने जेठानी के घर सो रही पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली।

Delhi murder case: दिल्ली के कड़कड़डूमा गांव में एक महिला की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति लखनऊ से पहले ही चाकू खरीदकर दिल्ली पहुंचा था और सुबह-सुबह जेठानी के घर सो रही पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

लखनऊ से ही चाकू खरीदकर लाया था

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनुज जोशी वारदात से एक रात पहले ही बस से लखनऊ से दिल्ली पहुंचा था। वह रास्ते में नहीं, बल्कि लखनऊ से ही चाकू खरीदकर लाया था। इससे शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि हत्या पहले से तय योजना के तहत की गई थी।

महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला

बीते रविवार सुबह करीब 5:40 बजे आरोपी कड़कड़डूमा गांव पहुंचा। जिस कमरे में उसकी पत्नी सोनम जोशी अपनी जेठानी के घर सो रही थी, वहां जाकर उसने चाकू से कई वार किए। महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद आरोपी ने चाकू प्लास्टिक के बैग में छिपा दिया।

कुछ घंटों में पुलिस ने खोला केस

घटना की सूचना मिलते ही आनंद विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से सबूत जुटाए। आसपास के लोगों और परिवार से पूछताछ के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।

जेठानी कौशल के घर ठहरी हुई थी सोनम

मृतक सोनम जोशी मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी। वह नोएडा में फुल-टाइम घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। वारदात के समय वह अपनी जेठानी कौशल के घर ठहरी हुई थी।

दो शादियां, पांच बच्चों का पिता है आरोपी

पुलिस के मुताबिक अनुज जोशी की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से उसके दो बच्चे हैं, जबकि सोनम से तीन बच्चे हैं। फिलहाल पांचों बच्चे लखनऊ में आरोपी के साथ रहते थे। हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

Published on:
29 Jun 2026 03:48 pm