नई दिल्ली

दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी से घर में रेप के बाद हत्या, आरोपी अपने दोस्त के साथ राजस्थान में भी कर चुका हैवानियत

IRS Officer Daughter Death: दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अफसर की बेटी की हत्या के आरोपी राहुल मीणा का आपराधिक इतिहास आया सामने। राजस्थान में भी दुष्कर्म का केस दर्ज। पुलिस कर रही तलाश।
2 min read
IRS Officer Daughter Death
दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी से घर में रेप के बाद हत्या

Delhi Crime News: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में हुई 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के पीछे उसके ही पुराने नौकर राहुल मीणा का हाथ होने की पुख्ता आशंका जताई जा रही है। जांच में पता चला है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी राजस्थान में दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दे चुका है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल मीणा को यह अच्छी तरह पता था कि घर के मालिक (IRS अधिकारी) अपनी पत्नी के साथ हर रोज सुबह 6:00 से 6:30 बजे के बीच जिम जाते हैं। बुधवार की सुबह जैसे ही दंपति घर से बाहर निकले, राहुल घर में दाखिल हो गया। उसने मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी को घर की पार्किंग के पास संदिग्ध हालत में टहलते हुए देखा गया है।

हेराफेरी के आरोप में निकाला गया था काम से

बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल करीब डेढ़ महीने पहले तक इसी घर में काम करता था। उसे घर के सामानों के दाम में हेराफेरी करने के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया था। तभी से वह परिवार से रंजिश रख रहा था। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और मारपीट भी की गई, क्योंकि शरीर और सिर पर चोट के निशान मिले हैं।

आरोपी की 'कुंडली' में पहले से दर्ज है पाप

राहुल मीणा मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की जांच में यह बड़ा तथ्य सामने आया है कि राहुल ने कुछ समय पहले राजस्थान में अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। उस मामले के बाद से ही वह बचता फिर रहा था।

पुलिस की छापेमारी जारी

वारदात के बाद जब अधिकारी और उनकी पत्नी जिम से लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को मृत पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं। दिल्ली पुलिस की कई टीमें अब राजस्थान और अन्य संभावित ठिकानों पर राहुल मीणा की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

Updated on:
22 Apr 2026 03:48 pm
Published on:
22 Apr 2026 03:48 pm