22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली में IRS अफसर की बेटी की घर में हत्या, रेप की भी आशंका; शक के घेरे में पुराना नौकर

IRS Officer Daughter Murder: दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS अफसर की बेटी की गला घोंटकर हत्या। पुलिस को रेप की आशंका, पुराने नौकर की तलाश जारी।

2 min read
Google source verification
IRS Officer Daughter Murder

अमर कॉलोनी में IRS अफसर की बेटी की गला घोंटकर हत्या

Delhi Crime News: देश की राजधानी के दक्षिण-पूर्वी दिल्ली स्थित अमर कॉलोनी इलाके में बुधवार को एक आईआरएस अधिकारी की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस को गला घोंटकर हत्या किए जाने के सबूत मिले हैं। साथ ही, मृतका के साथ दरिंदगी (रेप) की भी आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।

इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया है कि युवती की लाश उसके घर के भीतर बरामद हुई। मौके के मुआयने से पता चला है कि हमलावर ने मोबाइल चार्जर के तार का इस्तेमाल कर युवती का गला घोंटा था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत की वजह और रेप की पुष्टि हो सके।

पुराने नौकर पर शक की सुई

पुलिस की शुरुआती जांच में घर के एक पूर्व घरेलू सहायक (नौकर) पर शक जाहिर किया गया है। जानकारी के अनुसार, इस नौकर को हाल ही में काम से हटा दिया गया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। पुलिस को संदेह है कि इसी रंजिश या लूटपाट के इरादे से उसने इस वारदात को अंजाम दिया होगा।

पुलिस की कार्रवाई

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस मृतका के कॉल रिकॉर्ड्स और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। एक आईआरएस अधिकारी के परिवार के साथ हुई इस वारदात ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और घरेलू सहायकों के वेरिफिकेशन (सत्यापन) को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीएम रिपोर्ट आने के बाद उठेगा पर्दा

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक समय, कारणों और दरिंदगी की आशंकाओं पर से पर्दा उठ सकेगा। इस बीच, पॉश इलाके में हुई इस खौफनाक वारदात ने स्थानीय निवासियों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।