नई दिल्ली

मैं अनुरोध करता हूं…शकूर बस्ती के बाद जंगपुरा विधायक ने सीएम रेखा गुप्ता को लिखा पत्र

Jangpura MLA Letter: जंगपुरा से विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दिल्ली की दुकानों के बाहर नेम प्लेट अनिवार्य करने की मांग की है। इससे पहले शकूर बस्ती के विधायक करनैल सिंह ने सड़कों पर नमाज को लेकर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा था।

2 min read

Jangpura MLA Letter: ईद और नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए जंगपुरा विधायक ने अपने पत्र में बताया कि त्योहारों के दौरान लोग विशेष धार्मिक वस्तुएं खरीदते हैं। ऐसे में दुकानों के सामने नाम स्पष्ट होने से ग्राहकों को जानकारी के साथ चयन करने में मदद मिलेगी। इसलिए सरकार का यह कदम आपसी सम्मान और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने में भी सहायक होगा। विधायक मारवाह का कहना है कि सरकार को इस दिशा में निर्देश जारी करने चाहिए। जिससे धार्मिक आस्था से जुड़ी चीज़ों की खरीदारी के समय नागरिक अपने रीति-रिवाज़ और परंपराओं का सम्मान बनाए रख सकें।

जंगपुरा के विधायक ने पत्र में क्या लिखा?

जंगपुरा से भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा “नवरात्रि और ईद के मौके पर यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि त्योहार आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ मनाए जाएं। मैं अनुरोध करता हूं कि मुख्यमंत्री दिल्ली भर के दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने नेम प्लेट लगाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करें। इससे नागरिकों को पवित्र वस्तुओं की खरीदारी करते समय सूचित विकल्प चुनने और अपने अनुष्ठानों और मान्यताओं की पवित्रता बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही लोगों को पवित्र चीजें खरीदते समय विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी।”

प्रवेश वर्मा ने अवैध मीट की दुकानों पर कार्रवाई की बात कही

दूसरी ओर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली विधानसभा में घोषणा की थी कि नवरात्रि से पहले अवैध मीट विक्रेताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने शकूर बस्ती से भाजपा विधायक करनैल सिंह की उस बात का जवाब दिया था। जिसमें उन्होंने फुटपाथों और दुकानों पर खुलेआम मीट बिक्री को लेकर चिंता जताई थी। प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली में अवैध मीट विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विधायकों से अतिक्रमण की जानकारी देने की अपील

प्रवेश वर्मा ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि जहां भी अवैध मीट बिक्री हो रही है, वहां कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी विधायकों से अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण या गैर-कानूनी दुकानों की जानकारी साझा करने की अपील की, ताकि समय पर कदम उठाए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद इस अभियान की निगरानी करेंगे और मांस-मछली बेचने वाली अवैध इकाइयों को हटाने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

शकूर बस्ती के विधायक ने नमाज को लेकर लिखा था पत्र

इससे पहले दिल्ली की शकूर बस्ती विधानसभा सीट से भाजपा विधायक करनैल सिंह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने दिल्ली की सड़कों पर नमाज पढ़ने के मामलों पर रोक लगाने की मांग की थी। भाजपा विधायक ने लिखा था “हमारे शहर में सड़कों और सार्वजनिक स्‍थानों पर नमाज पढ़ने से यातायात बाधित होता है। जिससे आम जनता को असुविधा होती है। कई बार इस कारण से एंबुलेंस, स्कूल बसें और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।” भाजपा विधायक के इस पत्र पर AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शोएब जमई ने विरोध भी जताया था।

Also Read
View All

अगली खबर