नई दिल्ली

Jharkhand Cash Scandal: बंगाल में बेहिसाब नकदी के साथ पकडे गए झारखंड के तीनों कांग्रेसी विधायक पार्टी से निलंबित

शनिवार शाम पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा लाखों रुपए कैश के साथ पकड़े गए झारखंड के तीनों कांग्रेसी विधायकों को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। झारखंड में कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि सभी को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर सस्पेंड किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 31 Jul 2022, 2:15 PM IST
 Congress suspends 3 Jharkhand MLAs who were held in West Bengal with huge amount of cash
Congress suspends 3 Jharkhand MLAs who were held in West Bengal with huge amount of cash

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में लाखों रुपए कैश के साथ पकड़े गए झारखंड के तीनों कांग्रेसी विधायकों को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। दिल्ली में झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने इसकी घोषणा की है। कांग्रेस के इन तीन विधायकों में जामताड़ा से इरफान अंसारी, खिजरी से राजेश कच्छप और कोलेबिरा से नमन बिक्सन शामिल हैं। शनिवार शाम पश्चिम बंगाल पुलिस ने इन विधायकों की गाड़ी से कैश बरामद किया था। बरामद किए गए कैश को गिनने के लिए पुलिस को मशीन मंगानी पड़ी थी। पुलिस के अनुसार विधायकों के पास से 48 लाख रुपये मिले।

वहीं, झारखंड में कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि सभी को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर सस्पेंड किया गया है। इसके साथ ही अविनाश पांडे ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए काह कि वो झारखंड में सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 8 सालों से देश ने बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक बदहाली का इतिहास रचा है। आज चिंता की बात ये है कि लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही है और चुनकर आई सरकारों को हटाने का नंगा नाच चल रहा है।"

झारखंड कांग्रेस प्रभारी ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी ने जो महाराष्ट्र और एमपी में किया, झारखंड में भी वही दोहराने की कोशिश की जा रही है। राजस्थान में भी कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश देखी गई थी। मैं विधायकों को धन्यवाद दूंगा, जिन्होंने खुद को नहीं बेचा। उन्होंने आगे कहा, "जहां गैर बीजेपी सरकारें हैं, वहां ईडी और एजेंसियों का दुरुपयोग करके उन्हें अस्थिर करने की कोशिशें की जा रही हैं।"

अविनाश पांडे ने कहा, "झारखंड सरकार सुरक्षित है। सरकार पर कोई खतरा नहीं है और सरकार पूरे पांच साल पूरे करेगी।" इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा, "आने वाले दिनों में कोई भी जनप्रतिनिधि, पार्टी का जिम्मेदार पदाधिकारी या कोई भी कार्यकर्ता हो, हर किसी की जानकारी हमारे पास है। जो कोई भी इससे जुड़ा हुआ या लिप्त पाया जाता है, पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।"

यह भी पढ़ें: 48 लाख रुपए कैश के साथ पकड़े गए कांग्रेस विधायकों ने दिए अजीबो-गरीब बहाने, कहा - 'हम तो साड़ियां खरीदने जा रहे थे'

Published on: