
दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। 11 अक्टूबर 2026 को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत मामला दर्ज किया गया। FIR के विवरण में कांग्रेस के लोकसभा सांसद और JNU के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम का नाम शामिल है। फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले के विरोध में कांग्रेस दफ्तर के बाहर बीजेपी की महिला मोर्चा ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
हाल ही में सामने आई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, JNU में प्रोफेसर रहने के दौरान अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर महिला छात्रों के मूल्यांकन में धांधली और अनुचित आचरण के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि मूल्यांकन और वाइवा परीक्षा के दौरान छात्राओं से यौन रूप से अनुचित सवाल पूछे गए। मीडिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि छात्राओं को शैक्षणिक मूल्यांकन के बहाने देर रात सांसद के आवास पर बुलाया जाता था और एक वाइवा परीक्षा रात 11:40 बजे तक चली थी। इसके अलावा, कक्षा और विश्वविद्यालय परिसर में अनचाहे शारीरिक संपर्क तथा यौन रूप से स्पष्ट आचरण के आरोप भी सामने आए हैं।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद बांसुरी स्वराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। बांसुरी स्वराज ने इन आरोपों को बेहद गंभीर और 'रूह कंपा देने वाला' बताते हुए कहा कि यह मामला किसी की भी आत्मा को झकझोर सकता है।
उन्होंने सीधे तौर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि आज मैं राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती हूं कि क्या 'पितृसत्ता खत्म करो' का नारा सिर्फ एक राजनीतिक दिखावा है? ऐसा लगता है कि कांग्रेस का नारीवाद सिर्फ एक हैशटैग तक सीमित है और जब खुद के सांसद पर कार्रवाई की बात आती है, तो जवाबदेही खत्म हो जाती है।
BJP सांसद ने कहा कि ये आरोप मई के महीने में ही सामने आ गए थे, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व लगातार चुप रहा। स्वराज ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में महिलाओं के अधिकारों के प्रति गंभीर हैं, तो उन्हें पीड़ित 11 महिला छात्राओं के समर्थन में आना चाहिए और अपने सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।