
Arvind Kejriwal Sheesh Mahal: दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पुराने सरकारी आवास को आम लोगों के लिए खोल दिया है। केजरीवाल के इस आवास को राजनीतिक तौर पर 'शीश महल' कहा जाता रहा है। अब यहां के अंदर के दृश्य सामने आने के साथ ही वहां रखे सामान की कीमतें भी चर्चा में हैं।
IANS की ओर से साझा की गई तस्वीरों में डाइनिंग एरिया में रखे डाइनिंग टेबल और चेयर्स की कीमत 30,52,996 रुपये बताई गई है। वहां लगे बोर्ड पर इसे 'Dining Table & Chairs' के तौर पर दर्ज किया गया है और कुल राशि 30 लाख 52 हजार 996 रुपये दिखाई गई है।
इसी डाइनिंग एरिया में रखे एक Round Side Table की कीमत भी सामने आई है। बोर्ड पर इसकी कीमत ₹10,08,750 दर्ज है। तस्वीर में राउंड साइड टेबल के साथ उसकी कीमत और संबंधित एग्रीमेंट की जानकारी भी दिखाई दे रही है। इससे पहले सामने आई तस्वीरों में आवास के डाइनिंग एरिया में लगे Chandelier (झूमर) की कीमत ₹11,56,614 बताई गई थी। वहीं एक अन्य रेट लिस्ट में Recliner ₹80,955, Centre Table ₹62,615, Two-Seater Sofa ₹5,47,993 और Floor Lamp ₹85,608 की कीमत दिखाई गई थी। इन चार सामानों की कुल राशि ₹7,77,171 दर्ज थी।
दिल्ली सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री के इस पुराने आवास को आम लोगों के लिए खोले जाने के बाद अब लोग अंदर जाकर वहां के अलग-अलग हिस्सों को देख सकेंगे। इसी दौरान आवास के डाइनिंग एरिया और वहां मौजूद फर्नीचर व सजावटी सामान की कीमतों से जुड़े बोर्ड भी सामने आ रहे हैं। डाइनिंग टेबल और चेयर्स की 30 लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाली रेट लिस्ट ने खास तौर पर ध्यान खींचा है। इसके साथ ही 10 लाख रुपये से अधिक कीमत वाला राउंड साइड टेबल और 11.56 लाख रुपये का झूमर भी चर्चा में है।
केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते उनके सरकारी आवास को लेकर दिल्ली की राजनीति में पहले से ही विवाद और आरोप-प्रत्यारोप होते रहे हैं। अब आवास को जनता के लिए खोले जाने के बाद वहां रखे सामान की कीमतों की जानकारी सामने आने से 'शीश महल' को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो सकती है।