महाराष्ट्र में हैं 8.97 करोड़ मतदाता। सबसे ज्यादा सीटों पर लड़ रही बसपा। पनवेल विधानसभा में सर्वाधिक मतदाता।
नई दिल्ली। देश की आर्थिक राजधानी महाराष्ट्र में आगामी 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसके बाद 24 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। अब जब चुनाव में इतना कम वक्त बचा है और सभी प्रकार की तैयारियां हो चुकी हैं, तो ऐसे में राज्य में आंकड़े क्या कहते हैं, जानना बहुत जरूरी हो जाता है।
महाराष्ट्र में 2019 विधानसभा चुनाव में कुल 8 करोड़ 97 लाख 22 हजार 19 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं के लिए 96 हजार 661 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
इस विधानसभा चुनाव में कुल 3237 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 1400 है। जबकि विधानसभा की सीटों की संख्या 288 है।
चुनाव आयोग की ओर से गुरुवार को जारी सूचना के मुताबिक, सबसे ज्यादा सीटों पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) चुनाव लड़ रही है। बसपा ने 262 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं।
वहीं, सत्ताधारी भाजपा 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि भाजपा के निशान पर 14 गठबंधन उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
इस चुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 16, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पाटी आठ सीटों पर लड़ रही है। जबकि कांग्रेस 147, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 101 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) 121 सीटों पर लड़ रही है। शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
इस विधानसभा चुनाव में कुल 3001 पुरुष और 235 महिला उम्मीदवार मैदान में खड़े हैं और अपनी किस्मत आजमाएंगे।
अगर बात करें मतदाताओं की आयु की तो, इस बार 18 से 25 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 6 लाख 76 हजार 13 है। जबकि 25 से 40 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार 396 और 40-60 वर्ष के वोटर्स की संख्या 3 करोड़ 25 लाख 39 हजार 26 है। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 51 लाख 93 हजार 584 है।
मतदाताओं की संख्या के हिसाब से सबसे बड़ी विधानसभा सीट पनवेल है जहां 5 लाख 54 हजार 827 मतदाता हैं। वर्धा सबसे छोटी विधानसभा सीट है, जहां पर 2 लाख 77 हजार 980 मतदाता हैं।