Mahila Samridhi Yojana: दिल्ली में चुनाव से पहले महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने देने वाली घोषणा को लेकर सियासत तेज हो गई है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कालकाजी विधायक आतिशी के नेतृत्व में इसके लेकर प्रदर्शन किया।
Mahila Samridhi Yojana: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए संजीवनी साबित हुई महिला समृद्धि योजना को लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अपने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर मार्च निकाला। इस दौरान कालकाजी विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा "मोदी जी ने गारंटी दी थी कि 8 मार्च को दिल्ली की सभी महिलाओं के खाते में ₹2500 की पहली किश्त आएगी। 4 दिन और बचे है। दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही है ₹2500 कब आयेंगे? क्या मोदी जी की ये गारंटी पूरी होगी या एक बार फिर जुमला साबित होगी?"
दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में इस योजना को प्राथमिकता दी थी। इसके बाद नवनिर्वाचित सीएम रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया था कि भाजपा सरकार महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सहायता देने का अपना वादा पूरा करेगी। शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान रवाना होने से पहले अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह बात कही थी। माना जा रहा था कि भाजपा सरकार होली से पहले महिला समृद्धि योजना की पहली किस्त जारी कर सकती है। इस बीच भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी दावा किया कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर इस योजना के रजिस्ट्रेशन शुरू किए जा सकते हैं।
दिल्ली चुनावों में भाजपा ने सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में इस योजना को पास करने का वादा किया था। आम आदमी पार्टी (AAP) ने वादे के अनुसार महिला समृद्धि योजना में हो रही देरी के लिए भाजपा की आलोचना कर रही है। मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की कालकाजी से विधायक आतिशी के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए आम कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर महिला समृद्धि योजना को लेकर तंज कसा।
भाजपा सूत्रों की मानें तो दिल्ली सरकार 8 मार्च को महिला सम्मान योजना की शुरुआत करने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि 8 मार्च को दिल्ली की पांच हजार महिलाओं की मौजूदगी में इस योजना की शुरुआत होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, आठ मार्च को भाजपा सरकार दिल्ली में बड़े समारोह की तैयारी कर रही है। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में महिला सम्मान योजना की शुरुआत की जाएगी। इस योजना की शर्तों और नियम का एलान अगले एक-दो दिन में आधिकारिक किया जा सकता है। इस योजना के तहत दिल्ली की गरीब महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे।
दिल्ली की भाजपा सरकार इस योजना का लाभ प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के जरिए देगी। इस योजना की पात्र महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2500 रुपये की राशि ट्रांसफर होगी। दिल्ली में अगर कोई पात्र महिला खाता विहीन होगी तो उसका सरकार पहले बैंक में खाता खुलवाएगी।
दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे पहली शर्त दिल्ली का मूल निवासी होना है। इसके अलावा लाभार्थी की आयु कम से कम 18 साल होनी चाहिए। लाभार्थी का बैंक में बचत खाता होना भी जरूरी है। आवेदन के लिए महिलाओं के पास आधार कार्ड, राशन कार्ड, घर के पते के प्रमाण के लिए मतदाता पहचान पत्र या बिजली बिल और OTP सत्यापन के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर होना भी जरूरी है।