
Rouse Avenue Court: NEET-UG पेपर लीक मामले में आरोपी पीवी कुलकर्णी ने जेल से बाहर आने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उनकी जमानत याचिका पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI से जवाब मांगा है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को तय की है। अब इस तारीख पर जांच एजेंसी अपना पक्ष रखेगी, जिसके बाद जमानत पर आगे की कार्रवाई होगी।
पीवी कुलकर्णी उन 14 लोगों में शामिल हैं, जिनके खिलाफ अदालत ने 21 नवंबर को आरोप तय किए थे। आरोप तय होने के बाद सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। अब कुलकर्णी की जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई इस मामले में अहम हो गई है।
CBI के मुताबिक, कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के लिए केमिस्ट्री के विषय विशेषज्ञ के तौर पर जुड़े थे। इस काम के चलते उन्हें NEET परीक्षा के गोपनीय प्रश्नपत्र तक पहुंच मिली हुई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने इसी पहुंच का गलत इस्तेमाल किया और परीक्षा के सवाल कुछ लोगों तक पहुंचाए।
CBI की जांच के मुताबिक, अप्रेल 2026 के आखिरी सप्ताह में कुछ छात्रों के लिए खास कोचिंग कक्षाएं आयोजित की गई थीं। आरोप है कि इन कक्षाओं में छात्रों को परीक्षा में पूछे जाने वाले सवाल, उनके विकल्प और सही जवाब बताए गए। जांच एजेंसी का दावा है कि छात्रों की कॉपियों में लिखे सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खाते थे। इसी आधार पर कुलकर्णी समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच की गई।
NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी। पेपर लीक की शिकायतों के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई गई। इस फैसले से मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों को परेशानी हुई। जिन विद्यार्थियों ने महीनों तक परीक्षा की तैयारी की थी, उन्हें फिर से परीक्षा देनी पड़ी। साथ ही दाखिले की आगे की प्रक्रिया पर भी असर पड़ा।
CBI ने इस मामले में कुल 14 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अब अदालत में मुकदमे की कार्रवाई आगे बढ़ रही है। कुलकर्णी की जमानत याचिका पर 1 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में CBI अपना जवाब देगी। इसके बाद अदालत उनकी याचिका पर आगे का फैसला करेगी।