Neha Murder Case: तौफीक ने प्रेमिका नेहा के दिनभर के प्लान के बारे में पता किया। फिर सुबह-सुबह बुर्का पहनकर प्रेमिका के घर की छत पर बैठ गया। प्रेमिका पानी का पंप चालू करने पहुंची तो बातचीत की कोशिश की। इसपर प्रेमिका ने चीखना शुरू कर दिया।
Neha Murder Case: दिल्ली पुलिस ने इकतरफा प्यार में खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेमिका के शादी से इनकार करने पर प्रेमी तौफीक ने एक महीने तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। घटना दिल्ली के अशोक नगर इलाके की है। जहां की रहने वाली 19 साल की नेहा की तौफीक से करीब तीन साल की जान-पहचान थी। इस दौरान तौफीक नेहा से इकतरफा प्यार करने लगा। इसी बीच नेहा के परिजनों ने उसके लिए रिश्ते देखने शुरू कर दिए। इसकी जानकारी पर जब तौफीक ने नेहा के सामने खुद शादी करने का प्रस्ताव रखा तो नेहा ने इनकार कर दिया। इससे तौफीक गुस्से से पागल हो गया। नेहा के परिजनों का कहना है कि उन्होंने एक जगह लगभग नेहा का रिश्ता फाइनल कर दिया था।
दरअसल, दिल्ली के अशोक नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना में पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बीते सोमवार सुबह पांच मंजिला मकान की छत से 19 साल की नेहा को इकतरफा प्यार में पागल उसके प्रेमी ने धक्का दे दिया था। इससे नेहा की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा से बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 साल के तौफीक-उर-रहमान के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तौफीक ने इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के लिए करीब एक महीने पहले योजना बनाई थी। वह पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर दिल्ली पहुंचा और वारदात के बाद इसे पास के नाले में फेंक दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वह बुर्का भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, तौफीक और नेहा पिछले तीन सालों से एक-दूसरे को जानते थे। तौफीक ने नेहा को शादी के लिए प्रस्ताव दिया था। जिसे नेहा और उसके परिवार ने ठुकरा दिया। हाल ही में नेहा की दूसरी जगह शादी तय हो गई। शादी तय होने और सगाई की खबर से तौफीक परेशान हो उठा। इस बीच नेहा ने उससे बातचीत भी बंद दी। यह बात आरोपी को इतना आहत कर गई कि उसने नेहा की हत्या करने का प्लान बना लिया।
तौफीक को नेहा की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। वह जानता था कि वह हर सुबह छत पर वाटर पंप चालू करने जाती है। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह बुर्का पहनकर वहां पहुंचा और छत पर उसका इंतजार करने लगा। नेहा के पहुंचते ही उसने बातचीत करने की कोशिश की और जब नेहा ने फिर शादी से इनकार किया तो वह गुस्सा करने लगा। इसपर नेहा ने शोर मचाना शुरू किया।
शोर सुनकर नेहा के पिता छत पर पहुंचे और बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन तौफीक ने पहले उन्हें और फिर नेहा को छत से धक्का दे दिया। नेहा करीब 50 फीट नीचे खाली प्लॉट में ईंटों पर गिरी। गंभीर हालत में उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया। जहां 12 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को दिल्ली लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। कॉल डिटेल्स, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों की जांच जारी है।