
Youth Congress workers:चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने वाले NSUI और भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बस में बैठाया और उन्हें आकाशवाणी भवन परिसर से बाहर ले जाया गया। इस दौरान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
दरअसल, INDIA ब्लॉक के सांसद और समर्थक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। इसी दौरान कुछ NSUI और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बस के जरिए परिसर से बाहर ले गई। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता भी चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
INDIA ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों को पहले पुलिस ने कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य सांसद फिलहाल आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर मौजूद हैं।
बता दें कि इंडिया ब्लॉक के द्वारा हो रहे प्रर्दशन को लेकर अब पुलिस प्रशासन सख्त होती नजर आ रही है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों से पुलिस अपील कर रही है कि वह प्रदर्शन स्थल को खाली कर दें। वहीं, दूसरी तरफ राहुल और प्रियंका गांधी ने आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर ही एक बरगद के पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए हैं।