
OnionExpress Nashik to Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में प्याज की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। नासिक से पहली 'कांदा एक्सप्रेस' (Kanda Express) गुरुवार को दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। सरकार ने शहर में रोजाना प्याज की जरूरत का आकलन शुरू कर दिया है, ताकि कीमतों में तेजी आने की स्थिति में लोगों को राहत दी जा सके। वहीं, केंद्र सरकार ने एनसीसीएफ, नाफेड, केंद्रीय भंडार और अन्य खुदरा दुकानों के माध्यम से प्याज 35 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने की योजना बनाई है।
दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया कि फिलहाल राजधानी में प्याज की कोई कमी नहीं है। हालांकि, अगर आने वाले दिनों में प्याज के दाम बढ़ते हैं तो सरकार पहले से तैयार रहना चाहती है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक कर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री सिरसा के मुताबिक, विभाग दिल्ली में प्याज की मौजूदा जरूरत का आकलन कर रहा है। यह योजना गुरुवार तक तैयार होने की उम्मीद है। प्याज की खेप दिल्ली पहुंचने के बाद जरूरत के अनुसार केंद्र से प्याज की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से सरकार 15 मीट्रिक टन या उससे अधिक प्याज की मांग कर सकती है। केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को आश्वासन दिया है कि राजधानी की जरूरत के मुताबिक प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।
सिरसा ने बताया कि अगर प्याज के दाम में और बढ़ोतरी होती है तो दिल्ली सरकार आम लोगों पर इसका अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देगी। इसके लिए सरकार केंद्र सरकार की संस्था नाफेड (NAFED) से प्याज और चीनी खरीदकर राजधानी के अलग-अलग इलाकों में उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
मंत्री के अनुसार, इन वस्तुओं को उसी कीमत पर बेचा जाएगा, जिस कीमत पर सरकार नाफेड से इन्हें खरीदेगी। इसके अलावा दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में कैंप लगाकर लोगों को सस्ती दरों पर प्याज उपलब्ध कराने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को राजधानी में आने वाली प्याज की आपूर्ति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्याज की खेप सही तरीके से बाजार तक पहुंचे और इसकी जमाखोरी या अवैध भंडारण न हो।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्याज की कीमतों में तेजी की स्थिति में परिवहन और इससे जुड़े अन्य खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी, ताकि इसका अतिरिक्त भार आम लोगों पर न पड़े।
प्याज के साथ-साथ दिल्ली सरकार ने चीनी की कीमत और उपलब्धता को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र सरकार ने चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए भंडारण की मात्रा पर सीमा निर्धारित की है। मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने कहा कि निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण या जमाखोरी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग को यह भी पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं कि लोगों को सस्ती दरों पर चीनी कैसे उपलब्ध कराई जा सकती है।