
नई दिल्ली। झारखंड में 3 कश्मीरी युवकों के साथ कुछ स्थानीय लोगों ने मारपीट की है। जानकारी के मुताबिक राजधानी रांची के डोरंडा थानाक्षेत्र में कश्मीरी युवकों को हथियारों के बल पर डराया और धमकाया गया, वहीं उनके साथ मारपीट भी हुई। इस दौरान कश्मीरी युवकों से जबरन पाकिस्तान मुर्दाबाद और जय श्री राम के नारे भी लगवाए गए हैं। यही नहीं स्थानीय लोगों ने उन्हें शहर छोड़ने की धमकी भी दी।
पुलिस से लगाई मदद की गुहार
पीड़ितों ने इस संबंध में डोरंडा थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों का कहना है कि वे पिछले 20 सालों से रांची के डोरंडा इलाके में एक किराए के मकान में रहते हैं। पीड़ितों के मुताबिक उन्हें बीते एक सप्ताह से स्थानीय लोग शहर छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। इससे वे काफी डरे हुए हैं, उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
जबरन लगवाए गए नारे
कश्मीरी युवकों का नाम बिलाल अहमद, शब्बीर अहमद और वसीम अहमद है। बिलाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोग उन्हें हर रोज धमकी दे रहे हैं। यहां तक कि उनके साथ मारपीट भी की जा रही थी। पीड़ितों का कहना है कि गुरुवार को सोनू नामक स्थानीय युवक ने हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनसे जबरन पाकिस्तान मुर्दाबाद और जय श्री राम के नारे भी लगवाए गए।
पीड़ितों का कहना है कि डर की वजह से उन्होंने हमलावरों की हर बात मानी, बावजूद इसके उन्हें पीटा गया। इस दौरान कुछ अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और हमें हमलावरों से बचाया। कश्मीरी युवकों का कहना है कि उन्हें दीपावली तक शहर छोड़ने की धमकी पूर्व में भी दी गई थी।