
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देश में टेलीकॉम और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि पहले डिजिटल डिवाइड एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन अब 5G कनेक्टिविटी देश के कोने-कोने तक पहुंच चुकी है। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि बीते वर्षों में मोबाइल फोन सिर्फ बातचीत का साधन नहीं रहा, बल्कि गवर्नेंस, शिक्षा और डिजिटल सेवाओं का अहम माध्यम बन गया है। इस बार IMC में 5G और 6G के साथ AI, IoT, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, स्मार्ट मोबिलिटी और इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
पीएममोदी ने बताया कि पिछले 10-12 वर्षों में मोबाइल केवल बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया की रीढ़ बन चुका है। सस्ते इंटरनेट और मजबूत नेटवर्क के चलते दूर-दराज के गांवों में बच्चे ऑनलाइन एजुकेशन और 'दीक्षा' (DIKSHA) जैसे प्लेटफॉर्म से बेहतर शिक्षा पा रहे हैं। कोरोना काल में भी इसी टेक्नोलॉजी ने पढ़ाई और काम को रूकने नहीं दिया।
सस्ते डेटा के फायदों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में करीब 50 करोड़ लोग गेमिंग और ई-स्पोर्ट्स से जुड़े हैं। इसके अलावा, भारत में कंटेंट क्रिएशन इंडस्ट्री आज हजारों करोड़ रुपये का रूप ले चुकी है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुले हैं।
नेटवर्क और फोन सिक्योरिटी को प्राथमिकता बताते हुए प्रधानमंत्री ने साइबर क्राइम पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड की कोई सीमाएं नहीं होतीं, इसलिए इससे मुकाबला करने के लिए पूरी दुनिया को मिलकर एक ग्लोबल फ्रेमवर्क बनाना चाहिए ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोका जा सकें।
IMC 2026 की इस बार की थीम ‘Scale Without Boundaries’ रखी गई है। इस 4 दिवसीय टेक शो में 5G, 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और सैटेलाइट कम्यूनिकेशन के लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पहली बार स्मार्ट मोबिलिटी और इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
अगर आप भी आने वाले दौर की फ्यूचर टेक्नोलॉजी को करीब से देखना चाहते हैं, तो IMC 2026 के ऑफिशियल रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाकर फ्री एंट्री पास हासिल कर सकते हैं। स्टूडेंट्स और आम विजिटर्स के लिए इस इवेंट में रजिस्ट्रेशन निःशुल्क रखा गया है।