
INDIA Bloc Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ‘दिल्ली चलो’ रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने EVM और मतदाता सूची से 13.5 करोड़ नाम हटाकर कथित तौर पर वोट चोरी की है। राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में ज्ञानेश कुमार को मुकदमे का सामना करना पड़ेगा और उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार की ओर से कथित तौर पर की गई वोट चोरी कोई सामान्य चोरी नहीं है, बल्कि कानूनी भाषा में यह ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ श्रेणी का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए जो कुछ ज्ञानेश कुमार ने किया है, वह देश के हर नागरिक की आवाज और लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि केवल मुख्य चुनाव आयुक्त ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी संविधान और लोकतंत्र पर कथित हमले के परिणाम भुगतने होंगे। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक इन नेताओं को उनके कामों के लिए जवाबदेह नहीं ठहराया जाता, तब तक विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनावों में भी कथित धांधली का मुद्दा उठाया।
रामलीला मैदान में जुटी भीड़ का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यहां मौजूद लोग युवा, किसान और मजदूरों की आवाज हैं। उन्होंने कहा कि जनता वोट चोरी करने वालों से लड़ने और उन्हें हराने का संदेश दे रही है। राहुल गांधी के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति कितना ही ताकतवर या अमीर क्यों न हो, वह संविधान से बड़ा नहीं हो सकता। संविधान ही सर्वोच्च है।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर देश की संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों को नियंत्रित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश के लोकतंत्र और संविधान की आत्मा पर हमला किया है, जिसे जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश के लोग नफरत और हिंसा नहीं चाहते और न ही ऐसा भारत चाहते हैं, जिसे कुछ अमीर लोग नियंत्रित करें।
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनका किसी से निजी दुश्मनी नहीं है और वह भाईचारे तथा अहिंसा में विश्वास करते हैं। उन्होंने अपनी चर्चित मुहिम ‘मोहब्बत की दुकान’ का जिक्र करते हुए समर्थकों से कहा कि यह दुकान जल्द ही फिर से खुलने वाली है।