चुनावी धांधली पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ चर्चा
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के करीब 25 दलों के नेताओं को डिनर दिया। इस दौरान राहुल ने कथित चुनावी धांधली पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ चर्चा की और उन्हें इसके सबूत दिखाए। वहीं अगले महीने होने वाले उपराष्ट्रपति के चुनाव को लेकर भी चर्चा की।
दरअसल, राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी के 5 सुनहरी बाग स्थित आवास पर इंडिया ब्लॉक के नेता जुड़े। इस दौरान मतदाता सूची कथित धांधली को लेकर प्रस्तुति दी। वहीं उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए साझा उम्मीदवार की संभावना, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआइआर) और अमेरिका द्वारा लगाए 50 प्रतिशत टैरिफ (शुल्क) पर चर्चा हुई। इस बैठक और डिनर में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारुक अब्दुल्ला, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राज्यसभा सदस्य कमल हासन समेत डीएमके व अन्य दलों के नेता शामिल हुए।