
नई दिल्ली। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राजस्थान की स्वच्छ शहरों की जोड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पिछड़ गईं। वहीं मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की जोड़ियों ने स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से घोषित स्वच्छ शहर जोड़ी (स्वच्छ शहर जोड़ी) के परिणामों में मध्यप्रदेश की सात व छत्तीसगढ़ की भी सात जोड़ियों ने राष्ट्रीय रैंकिग में जगह बनाई है। टॉप टेन में मध्यप्रदेश की दो और छत्तीसगढ़ की भी दो जोड़ियों ने जगह बनाई है।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को दूसरे शहरों का मार्गदर्शक बनाकर स्वच्छता के मॉडल और कचरा प्रबंधन की अच्छी कार्यप्रणालियों का प्रसार करना है। इस पहल में देशभर के 70 मेंटर शहरों और करीब 191 मेंटी शहरों को जोड़ा गया था। इनमें से प्रत्येक मेंटर शहर की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली जोड़ी का मूल्यांकन किया गया।
राजस्थान से जयपुर-बगरू और डूंगरपुर-सागवाड़ा की जोड़ियों को सूची में शामिल किया गया और कुल 70 शहरों की जारी हुई सूची में 65वां और 70 वां स्थान मिला है लेकिन मंत्रालय की ओर से जारी अंतिम विवरण के अनुसार इन्हें जोडियां नहीं माना गया है क्योंकि इनके मेंटी शहर का मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई चयनित सूची में से चयन नहीं किया गया था। सूची में शामिल मध्यप्रदेश की देवास – सोनकच्छ, उज्जैन- उन्हेल, शाहगंज-बाड़ी और बुदनी-रेहटी को भी इसी वजह से जोड़ी नहीं माना गया है।
महाराष्ट्र के 10 शहरों की जोड़ी , छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के 7-7 , आंध्र प्रदेश और गुजरात के 4-4, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के 3-3 , असम, गोवा, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक और राजस्थान के 2-2 तथा अरुणाचल प्रदेश, बिहार, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, केरल, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, पंजाब, सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा और उत्तराखंड के एक-एक जोड़ी को सूची में जगह मिली है।
गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में देश के 4751 शहरी स्थानीय निकायों का 10 वर्गों के 176 उप-संकेतकों पर आकलन किया गया। इस बार सात श्रेणियों में कुल 60 राष्ट्रीय पुरस्कार घोषित किए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में स्वच्छ शहरों को सम्मानित किया।
राजस्थान :
65-जयपुर बगरू
66-डूंगरपुर सागवाड़ा
मध्यप्रदेश :
2- इंदौर देपालपुर
6- भोपाल बैरासिया
23- ग्वालियर डाबरा
62- देवास सोनकच्छ
63- उज्जैन उन्हेल
67- शाहगंज बाडी
68- बूदनी रेहटी
छत्तीसगढ़
9-रायपुर बीरगांव
10-बिलासपुर रतनपुर
14-बिल्हा कोटा
19- अम्बिकापुर बैकुंठपुर
21 -पाटन गुरपुर
24- कुम्हारी अहीवारा
51- बिश्रामपुर जरही