Republic Day 2025: दिल्ली में गणतंत्र दिवस से पहले 17 जनवरी से परेड की रिहर्सल शुरू हो रही है। ऐसे में अगले पांच दिनों तक सवा दो घंटे दिल्ली के कई रास्ते बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने इसकी एडवाइजरी जारी की है।
Republic Day 2025: दिल्ली में एक ओर जहां चुनावी दंगल छिड़ा हुआ है। वहीं दूसरी ओर गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इसी के चलते 17 जनवरी यानी शुक्रवार से दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल शुरू होगी। इसके लिए दिल्ली के कुछ रास्तों पर यातायात प्रतिबंधित किया गया है। इससे आम लोगों को परेशानी न हो। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस बदली व्यवस्था के तहत अपने गंतव्य तक जाएं। इस व्यवस्था के तहत दिल्ली के कुछ रास्तों पर यातायात प्रतिबंध किया गया है। ताकि रिहर्सल के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। हालांकि यह प्रतिबंध ज्यादा देर के लिए नहीं होंगे।
दिल्ली पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में बताया है “गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था 17, 18, 20 और 21 जनवरी को लागू रहेगी। इसके तहत कर्तव्यपथ-रफी मार्ग क्रॉसिंग, कर्तव्यपथ-जनपथ क्रॉसिंग, कर्तव्यपथ-मानसिंह रोड क्रॉसिंग और कर्तव्यपथ-सी-हेक्सागन रोड पर सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार विनय मार्ग, शांति पथ पर आने वाले या फिर नई दिल्ली और उससे आगे जाने वाले वाहन चालकों को सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, आरएमएल गोल चक्कर, बाबा खड़क सिंह मार्ग या फिर पार्क स्ट्रीट-मंदिर मार्ग होते हुए उत्तरी दिल्ली या नई दिल्ली की ओर जाना होगा। जबकि उत्तर दिल्ली से दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले लोग रिंग रोड, सराय काले खां, आईपी फ्लाईओवर, राजघाट, लाजपत राय मार्ग, मथुरा रोड, भैरों रोड, रिंग रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अत्तातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग से जा सकेंगे। इसी तरह पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन को रिंग रोड से वंदे मातरम रूट का उपयोग कर सकते हैं।