
Delhi Police Federation Dharna: जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का प्रदर्शन समाप्त होने के बाद अब राजधानी में एक और विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी संगठन दिल्ली पुलिस फेडरेशन 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हुए कथित हमलों के विरोध में धरना देने की योजना बना रहे हैं। संगठन ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार को पत्र लिखकर जंतर-मंतर पर एक दिन के शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगी है।
फेडरेशन ने बताया कि 20 जुलाई को संसद मार्ग और जंतर-मंतर के आसपास प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घायल हुए थे। संगठन के अनुसार, ड्यूटी निभा रहे जवानों पर हुए हमलों के खिलाफ आवाज उठाने और उनके प्रति एकजुटता दिखाने के उद्देश्य से यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक उस दिन 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस फेडरेशन ने 31 जुलाई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर धरने की अनुमति मांगी है। 27 जुलाई को पुलिस मुख्यालय के जनरल डायरी सेक्शन में जमा कराए गए आवेदन में फेडरेशन ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा।
फेडरेशन का कहना है कि इस धरने का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और बलिदान को लोगों के सामने लाना है। संगठन के मुताबिक, 20 जुलाई की हिंसा में घायल हुए पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों के समर्थन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि उनके साथ एकजुटता दिखाई जा सके। फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रस्तावित धरने में केवल सेवानिवृत्त दिल्ली पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि कानून का सम्मान करने वाले आम नागरिक भी शामिल होंगे।
संगठन का दावा है कि पूरा प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और अहिंसक रहेगा तथा इसका उद्देश्य किसी तरह का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि ड्यूटी के दौरान घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान और समर्थन व्यक्त करना है।