नई दिल्ली

‘शीश महल ने केजरीवाल का असली चेहरा दिखाया’, कांग्रेस नेता बोले- लाइब्रेरी या अस्पताल बनना चाहिए

Sheesh Mahal: शीश महल को आम जनता के लिए खोले जाने के फैसले पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शीश महल ने केजरीवाल का असली चेहरा दिखाया और इसे लाइब्रेरी या अस्पताल में बदलना चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 3:37 PM IST
Arvind Kejriwal
शीश महल को लेकर कांग्रेस नेता का बयान, फोटो सोर्स- ANI

Congress on arvind kejariwal: दिल्ली के विवादित 'शीश महल' को अगले सप्ताह आम जनता के लिए खोले जाने के दिल्ली सरकार के फैसले पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 'शीश महल' ने केजरीवाल के असली चरित्र को उजागर कर दिया।

संदीप दीक्षित ने कहा कि अरविंद केजरीवाल राजनीति में सत्ता की लालसा के साथ आए थे। उनके मुताबिक, सत्ता में आने के बाद केजरीवाल ने उन्हीं सुविधाओं और ऐशो-आराम का इस्तेमाल किया, जिसकी राजनीति के दौरान वह दूसरों की आलोचना करते थे।

'केजरीवाल ने संभ्रांत वर्ग वाली सोच अपना ली'

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने सत्ता के उन सुख-सुविधाओं को अपनाया, जिन्हें वह पहले संभ्रांत, विशेषाधिकार प्राप्त और पूंजीपति वर्ग से जोड़कर आलोचना करते थे। उन्होंने कहा कि अब यह अध्याय खत्म हो चुका है और दिल्ली समेत देश की जनता ने केजरीवाल और उनकी पार्टी को चुनाव में हरा दिया है। संदीप दीक्षित ने कहा कि अब उस मामले को आगे बढ़ाने का कोई खास मतलब नहीं है। हालांकि, उन्होंने 'शीश महल' को लोगों के लिए खोलने के फैसले को भी कोई खास उपलब्धि या सराहनीय कदम नहीं माना।

'शीश महल को लाइब्रेरी या अस्पताल बनाया जाए'

संदीप दीक्षित ने कहा कि उनकी राय में इस परिसर को केवल दिखाने के बजाय किसी जनहित के काम में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि 'शीश महल' को लाइब्रेरी या अस्पताल में तब्दील किया जाना ज्यादा बेहतर होगा। उनका यह बयान दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा के उस ऐलान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि विवादित 'शीश महल' को अगले सप्ताह से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

अब जनता के लिए खुलेगा विवादित 'शीश महल'

रेखा गुप्ता सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने ऐलान किया है कि विवादित 'शीश महल' को अगले सप्ताह से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अब दिल्ली के लोग इस परिसर का पूरा दौरा कर सकेंगे और अंदर की व्यवस्थाओं को खुद देख सकेंगे। वर्मा के मुताबिक, टिकट बुकिंग और विजिट से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

Updated on:
17 Nov 2026, 3:37 PM IST
Published on: