नई दिल्ली

Faridabad: सूरजकुंड मेले में मौत का झूला! हादसे में SHO की गई जान, 13 लोग घायल, झूले पर 18 लोग बैठे थे

Faridabad: फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में शुक्रवार को झूला गिरने से बड़ा हादसा हुआ। झूले पर सवार 18 लोगों में से एक SHO की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
less than 1 minute read
SHO dies after swing falls at Surajkund fair in Faridabad

Faridabad: दिल्ली से सटे फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक संतुलन खोकर गिर पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त झूले पर कुल 18 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इस दुर्घटना में एक SHO की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

हादसे के बाद सुरक्षा को देखते हुए पूरे मेला परिसर को खाली करा लिया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में झूले की तकनीकी खराबी या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और मेले में लगे सभी झूलों की सुरक्षा जांच कराने की बात कही है।

हादसे को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पर शोक जताया। उन्होंने लिखा कि फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले के दौरान हुई इस दुखद घटना से वह बेहद आहत हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के शीघ्र व बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ घायलों और उनके परिजनों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रही है।

Updated on:
07 Feb 2026 08:47 pm
Published on:
07 Feb 2026 08:47 pm