नई दिल्ली

समुद्री पक्षियों की जान के दुश्मन बने चूहों पर दक्षिण अफ्रीका बरसाएगा कीटनाशक बुलेट

मैरियन द्वीप पर उत्पात को लेकर मूषकों पर हवाई हमले की तैयारी

less than 1 minute read
Aug 26, 2024

केपटाउन. दक्षिण अफ्रीका में बड़े पैमाने पर चूहों को मारने की तैयारी चल रही है। वहां चूहे इतने खतरनाक हो गए हैं कि उनके झुंड दुनिया के सबसे महत्त्वपूर्ण समुद्री पक्षियों के अंडे खा रहे हैं। उन्होंने जीवित पक्षियों को भी खाना शुरू कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका के सुदूर द्वीप मैरियन पर ‘अल्बाट्रॉस’ और अन्य समुद्री पक्षियों को बचाने के लिए हजारों चूहों पर कीटनाशक युक्त बुलेट्स की बारिश की जाएगी।

रिपोर्ट के मुताबिक चूहों ने केपटाउन से करीब 2000 किमी दूर मैरियन द्वीप पर उत्पात मचा रखा है। दुनिया में अल्बाट्रॉस की एक चौथाई आबादी हिंद महासागर के इस द्वीप पर घोसला बनाती है। पक्षी संरक्षण संगठन बर्डलाइफ साउथ अफ्रीका की बैठक में संरक्षणवादी मार्क एंडरसन ने कहा, पिछले साल पहली बार चूहों को वयस्क वंडरिंग अल्बाट्रॉस को खाते पाया गया। उन्होंने इसकी तस्वीरें भी दिखाईं। द्वीप पर प्रजनन करने वाले समुद्री पक्षियों की 29 प्रजातियों में से 19 के विलुप्त होने का खतरा है।

बेबस हुए परिंदे

एंडरसन का कहना है कि हाल के वर्षों में चूहों के हमले बढ़े हैं। पक्षी नहीं जानते कि इसका जवाब कैसे दिया जाए, क्योंकि उनका विकास ऐसे महौल में हुआ है, जहां स्थलीय शिकारी नहीं होते। चूहे उन पर चढ़ जाते हैं और धीरे-धीरे तब तक खाते हैं, जब तक वे मर नहीं जाते।

कोने-कोने में हमले

माइस फ्री मैरियन प्रोजेक्ट चला रहे एंडरसन के मुताबिक हम चूहों के कारण हर साल हजारों समुद्री पक्षी खो रहे हैं। बीहड़ द्वीप पर चूहे मारने वाली 600 टन दवा के बुलेट हेलिकॉप्टर से गिराए जाएंगे। हेलिकॉप्टर पायलट को कड़ाके की सर्दी में 25 किमी लंबे और 17 किमी चौड़े द्वीप के हर हिस्से तक जाना होगा।

Published on:
26 Aug 2024 12:33 am
Also Read
View All

अगली खबर