पंजाब में बीते दिन मंगलवार को खेतों में पराली जलाने के 1,842 मामले दर्ज किए गए, जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस ने पंजाब की आम आदमी पार्टी वाली सरकार पर निशाना साधा है। इस पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पलटवार करते हुए केंद्र सरकार से माफी मांगने की मांग की है।
पंजाब में पराली जलाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते दिन मंगलवार को राज्य में पराली जलाने के 1,842 मामले दर्ज किए गए। इसको लेकर पंजाब भाजपा के नेता सुभाष शर्मा ने आम आदमी पार्टी वाली पंजाब और दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए 'गहरी नींद' से जगाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि "दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली में प्रदूषण के लिए पहले की सरकारों को दोषी ठहराते थे। अब दिल्ली के मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं?"
इसके साथ ही सुभाष शर्मा ने बताया कि पंजाब में खेत में पराली जलाने की 16 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जो समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार की "अक्षमता और असंवेदनशीलता" को दिखाती है।
पंजाबियों को पराली की आग में छोड़ा: अमरिंदर सिंह राजा वारिंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खेतों में आग लगने से पंजाब में प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। पंजाबियों को पराली की आग के कारण दम घुटने के लिए छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि आप सरकार गुजरात चुनाव के व्यस्त कार्यक्रम से कुछ समय निकालें, क्योंकि लोगों ने भरोसा करके वोट दिया है।
केंद्र सरकार किसानों मांगे माफी
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पराली के मुद्दे पर पलटवार करते हुए कहा कि "केंद्र सरकार को अपनी गलती के लिए किसानों से माफी मांगनी चाहिए। आपकी वजह से आज पंजाब में पराली जल रही है। जब किसान, पंजाब सरकार और दिल्ली सरकार तैयार थी, अगर आपने सहयोग किया होता तो आज पंजाब में पराली की घटनाएं आधी हो चुकी होती।"
वायु प्रदूषण कम करने के लिए टास्क फोर्स बनाने का अनुरोध
गोपाल राय ने कहा कि "मैं यूपी व हरियाणा सरकार से दिल्ली से सटे क्षेत्रों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने का अनुरोध करता हूं। प्रदूषण की समस्या एक राज्य की समस्या नहीं है। यह विकसित होने वाली वायु प्रणाली के कारण होता है।"