
Sudhanshu Trivedi Birsa Munda: बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस का एक भी नेता संसद नहीं पहुंचा।
इतना ही नहीं सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज पूरा देश भगवान बिरसा मुंडा, जिन्हें 'धरती आबा' के नाम से भी जाना जाता है, की जयंती पर उन्हें श्रद्धा से याद कर रहा है। उन्होंने बिरसा मुंडा को भारत की राष्ट्रीय पहचान, संघर्ष की भावना और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।
बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और देश के सांस्कृतिक गौरव से जुड़े महापुरुषों को लेकर समाज में विभाजन पैदा करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संसद में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के लिए कांग्रेस का कोई नेता आगे नहीं आया। त्रिवेदी ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के लिए संसद नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस का कोई अन्य नेता भी वहां श्रद्धांजलि देने नहीं आया। त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर विदेशों में भारत के खिलाफ बोलने और हैदराबाद में कथित तौर पर देश को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग भारतीय समाज के गौरव के प्रतीक हैं, उनके लिए राहुल गांधी दो मिनट का समय भी नहीं निकाल सके।
बता दें कि आज 15 नवंबर 2026 को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है, जिसे पूरे देश में 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है। 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में जन्मे 'धरती आबा' बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत और जमींदारों के शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक 'उलगुलान' आंदोलन का नेतृत्व किया था। जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी अस्मिता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इस महान स्वतंत्रता सेनानी के सम्मान में देश भर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जा रही हैं।