
Sushil Shinde: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love में ऑपरेशन ब्लू स्टार और बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़े संदर्भों का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने देश के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं और उनसे जुड़े अपने विचारों को संस्मरण में जगह दी है।
IANS से बातचीत में शिंदे ने कहा कि देश के इतिहास में कई अच्छी और बुरी घटनाएं हुई हैं। सोनिया गांधी ने इन घटनाओं, उनके प्रभाव और कांग्रेस के साथ-साथ देश को हुए नुकसान का भी अपनी दृष्टि से जिक्र किया होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि किताब पूरी पढ़ने के बाद ही वह इस पर विस्तार से टिप्पणी करेंगे।
ऑपरेशन ब्लू स्टार के संदर्भ में शिंदे ने कहा कि सोनिया गांधी ने इस घटना का भी उल्लेख किया होगा। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी और पंजाब को अलग करके नहीं देखा जा सकता था, लेकिन उस समय जो कार्रवाई हुई, उसे करने वालों ने अपनी ड्यूटी के तहत किया।
दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान सोनिया गांधी के भावुक होने से जुड़े बयान पर शिंदे ने कहा कि गांधी-नेहरू परिवार ने देश की बड़ी राजनीतिक और ऐतिहासिक घटनाओं को हमेशा भावनात्मक रूप से लिया है। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद हो या ऑपरेशन ब्लू स्टार, इन घटनाओं को लेकर परिवार के मन में भावनाएं और दर्द रहा होगा। शिंदे के मुताबिक, एक तरफ भावनाएं थीं तो दूसरी तरफ जिम्मेदारी का एहसास भी था।
सोनिया गांधी की किताब सामने आने के बाद BJP की ओर से हो रही आलोचना पर शिंदे ने कहा कि BJP ऐसे बयान देती रहेगी, लेकिन उसे सोनिया गांधी के देश के लिए किए गए योगदान और त्याग पर भी विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी विदेश से भारत आईं और उन्होंने भारत को अपना घर बनाया। शिंदे के मुताबिक, उन्होंने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया और भारत आने के बाद वापस लौटने के बारे में नहीं सोचा।
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक शैली और धार्मिक समुदायों से जुड़े उनके बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नजरिया धर्मनिरपेक्ष भारतीय समाज की भावना के अनुरूप नहीं है। सोनिया गांधी की किताब में मोदी से जुड़े संदर्भों पर प्रतिक्रिया देते हुए सोज ने BJP और RSS के संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश की आबादी को हिंदू और मुस्लिम जैसे अलग-अलग समूहों में बांटने वाली राजनीति कर रहे हैं।
सोनिया गांधी के संस्मरण के सामने आने के बाद कांग्रेस नेता जहां किताब में लिखी बातों का बचाव कर रहे हैं, वहीं BJP और अन्य राजनीतिक दलों की ओर से इसके कई दावों और संदर्भों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।