11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मोदी कैबिनेट के पांच बड़े फैसले, किसानों को 62,370 करोड़ की खाद सब्सिडी, युवाओं के लिए भी बड़ा ऐलान

Modi Cabinet Decisions: मोदी कैबिनेट ने किसानों के लिए 62,370 करोड़ रुपए की खाद सब्सिडी और युवाओं के कारोबार के लिए 5,000 करोड़ रुपए का क्रेडिट गारंटी फंड मंजूर किया है। इसके अलावा दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम और नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो परियोजना को भी मंजूरी मिली है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 11 Nov 2026, 3:49 PM IST

Modi Cabinet Decisions

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। (फोटो सोर्स-ANI)

Noida Greater Noida Metro: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में किसानों, युवाओं और कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए कई बड़े फैसले किए गए हैं। सरकार ने रबी सीजन के लिए किसानों को 62,370 करोड़ रुपए की खाद सब्सिडी देने का फैसला किया है। वहीं, अपना कारोबार शुरू करने वाले युवाओं के लिए 5,000 करोड़ रुपए का क्रेडिट गारंटी फंड मंजूर किया गया है। इसके अलावा दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम बनाने और नोएडा से ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में कुल पांच बड़े फैसले लिए गए हैं। इनमें किसानों को राहत देने के साथ छोटे कारोबारियों, महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति के उद्यमियों के लिए भी कदम उठाए गए हैं।

किसानों को मिलेगी 62,370 करोड़ रुपए की खाद सब्सिडी

कैबिनेट ने रबी सीजन के लिए 62,370 करोड़ रुपए की खाद सब्सिडी को मंजूरी दी है। इससे किसानों को खाद सस्ती दरों पर मिल सकेगी और खेती पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी। रबी फसलों की बुवाई के दौरान खाद की जरूरत ज्यादा होती है। ऐसे में सरकार के इस फैसले से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतों में बदलाव होने पर भी किसानों पर इसका सीधा बोझ नहीं पड़ेगा।

युवाओं को कारोबार शुरू करने के लिए मिलेगी मदद

सरकार ने युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए कर्ज मिलने का रास्ता आसान बनाने की दिशा में भी कदम उठाया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 5,000 करोड़ रुपए का क्रेडिट गारंटी फंड मंजूर किया गया है। इसके जरिए बैंकों और दूसरे वित्तीय संस्थानों को कर्ज देने पर सरकारी गारंटी मिलेगी। इससे छोटे कारोबार शुरू करने वालों को कर्ज मिलने में आसानी हो सकती है।

इसके साथ ही स्टैंड-अप इंडिया योजना के तहत 4,111 करोड़ रुपए के क्रेडिट गारंटी फंड को भी मंजूरी दी गई है। इसका फायदा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों को मिलेगा। इस कदम से इन वर्गों के लोगों को अपना कारोबार शुरू करने और आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

दिल्ली में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम

कैबिनेट ने देश की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने लाने के लिए युगे युगेन भारत नेशनल म्यूजियम बनाने का फैसला किया है। यह म्यूजियम दिल्ली में बनेगा और सरकार के मुताबिक, दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम होगा। यहां भारत के हजारों साल पुराने इतिहास, संस्कृति और विरासत को एक ही जगह देखने का मौका मिलेगा। इससे देश की ऐतिहासिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक चलेगी मेट्रो

कैबिनेट ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो रेल परियोजना को भी मंजूरी दे दी है। इससे दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। मेट्रो सुविधा बढ़ने से लोगों को सड़क पर लगने वाले जाम से बचने का विकल्प मिलेगा। साथ ही दोनों शहरों के बीच आवाजाही आसान होगी।

इन फैसलों के जरिए सरकार ने खेती, रोजगार, कारोबार और परिवहन से जुड़े मुद्दों पर एक साथ कदम उठाए हैं। खास तौर पर खाद सब्सिडी और कारोबार के लिए क्रेडिट गारंटी फंड से किसानों और छोटे उद्यमियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।